- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया में गंगा में डूबे पति-पत्नी, दोनों के शव बरामद; जल लेने के दौरान हुआ हादसा
बलिया में गंगा में डूबे पति-पत्नी, दोनों के शव बरामद; जल लेने के दौरान हुआ हादसा
बलिया: जनेश्वर मिश्र सेतु के नीचे सोमवार शाम गंगा नदी से जल लेने के दौरान पति-पत्नी तेज धारा में डूब गए। मंगलवार दोपहर पत्नी का शव बरामद हुआ, जबकि देर शाम एनडीआरएफ की टीम ने अधिवक्ता ओमप्रकाश दुबे का शव भी नदी से बरामद कर लिया। हादसा दुबहर थाना क्षेत्र में हुआ।
मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे गंगा नदी में बयासी पुल के पास एक महिला का शव उतराता मिला। सूचना पर पहुंची दुबहर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान की प्रक्रिया शुरू की। परिजनों ने शव की पहचान इंदू देवी पत्नी ओमप्रकाश दुबे के रूप में की।
पत्नी का शव मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन ने ओमप्रकाश दुबे की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम को लगाया। टीम ने देर शाम तक नदी में सघन तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान एनडीआरएफ के प्रयास से ओमप्रकाश दुबे का शव भी नदी से बरामद कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, परिजनों से पूछताछ में पता चला कि दोनों सोमवार शाम घर से गंगा नदी पर जल लेने निकले थे। इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला था। इसी बीच कोतवाली थाना क्षेत्र के विचलाघाट चौकी अंतर्गत शिवरामपुर घाट पर एक मोटरसाइकिल मिली, जिसकी पहचान ओमप्रकाश दुबे की बाइक के रूप में हुई।
क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा ने बताया कि महिला का शव बयासी पुल के पास मिलने की सूचना मंगलवार को करीब 14:30 बजे दुबहर थाने को मिली थी। महिला की पहचान होने के बाद ओमप्रकाश दुबे की तलाश के लिए एनडीआरएफ की मदद ली गई। देर शाम उनका शव भी बरामद कर लिया गया। पुलिस ने दोनों शवों के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
