- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया में प्रधानाध्यापिका के खिलाफ शिकायत, शिक्षिका, ग्राम प्रधान और अभिभावकों ने संयुक्त रूप से सौं...
बलिया में प्रधानाध्यापिका के खिलाफ शिकायत, शिक्षिका, ग्राम प्रधान और अभिभावकों ने संयुक्त रूप से सौंपा पत्र
बांसडीह, बलिया : शिक्षा क्षेत्र बांसडीह के प्राथमिक विद्यालय (गंगौली) केवरा की सहायक अध्यापिका, प्रधान व स्कूल के अभिभावकों ने बीईओ को पत्र देकर प्रधानाध्यापिका पर गाली गलौज, अभ्रद्र भाषा का प्रयोग तथा मनमाना रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। शिकायत का संज्ञान लेते हुए खंड शिक्षा अधिकारी ने बीएसए को कारवाई के लिए पत्र भेजा है।
प्रधानाध्यापिका पर बच्चों के साथ गाली-गलौज और अभद्र भाषा का प्रयोग करने का भी आरोप हैं। अभिभावकों ने इसे बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताते हुए गहरी नाराजगी व्यक्त की है। प्रधान सुरेश प्रजापति ने बताया हैं कि प्रधानाध्यापिका का व्यवहार अत्यंत अमर्यादित है। कई बार समझाने के बावजूद उनके रवैये और भाषा में कोई सुधार नहीं हुआ है। विद्यालय की पढ़ाई पूरी तरह से बाधित हो रही है।
विद्यालय में कुल तीन कर्मचारी तैनात हैं, जिनमें प्रधानाध्यापिका रिया कुमारी, एक अध्यापक और एक शिक्षा मित्र शामिल हैं।सहायक अध्यापिका कमलावती देवी ने भी पत्र देकर गाली गलौज करने का आरोप लगाया है। विद्यालय की व्यवस्था सुधरने के बजाय लगातार बिगड़ रही है।
बीईओ अनूप त्रिपाठी ने बताया कि प्रधानाध्यापिका के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं। बताया कि मामले में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को पत्र भेज दिया गया है। विभागीय जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने मांग की है कि बच्चों की शिक्षा से हो रहे खिलवाड़ को तुरंत रोका जाए और विद्यालय में जल्द से जल्द अनुशासित शैक्षणिक माहौल बहाल किया जाए।
