- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- Ballia News: भारतेंदु नाट्य अकादमी में बलिया के दो रंगकर्मियों का चयन, जिले का बढ़ाया मान
Ballia News: भारतेंदु नाट्य अकादमी में बलिया के दो रंगकर्मियों का चयन, जिले का बढ़ाया मान
बलिया। जिले की प्रतिष्ठित सांस्कृतिक संस्था संकल्प से जुड़े दो युवा रंगकर्मियों ने अभिनय जगत में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए भातखंडे संगीत विश्वविद्यालय, लखनऊ से संबद्ध भारतेंदु नाट्य अकादमी में परास्नातक पाठ्यक्रम के लिए चयनित होकर जनपद का नाम रोशन किया है। चयनित कलाकारों में ट्विंकल गुप्ता और शुभम सिंह शामिल हैं।
10 वर्षों से रंगमंच से जुड़ी हैं ट्विंकल गुप्ता
बलिया शहर के चौक लोहा पट्टी क्षेत्र की निवासी ट्विंकल गुप्ता पिछले एक दशक से संकल्प संस्था के साथ सक्रिय रूप से रंगमंच से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने अनेक नाटकों में अभिनय और निर्देशन का सफल निर्वहन किया है। ट्विंकल इससे पूर्व राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) वाराणसी केंद्र से इंडियन क्लासिकल थिएटर में एक वर्षीय प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम भी पूरा कर चुकी हैं।
उनकी प्रतिभा को देखते हुए भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा उन्हें नेशनल स्कॉलरशिप अवार्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है।
रंगमंच के प्रति समर्पण ने दिलाई सफलता
गाजीपुर जनपद के निवासी शुभम सिंह पिछले दो वर्षों से संकल्प संस्था के साथ जुड़े हुए हैं। इस दौरान उन्होंने कई नाट्य प्रस्तुतियों में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाईं और अपनी अभिनय क्षमता का प्रभाव छोड़ा। संकल्प से जुड़ने से पहले वे लखनऊ और वाराणसी में भी सक्रिय रूप से रंगमंच से जुड़े रहे हैं।
युवा कलाकारों के लिए प्रेरणा बनी उपलब्धि
संकल्प संस्था के सचिव, रंग निर्देशक एवं प्रशिक्षक आशीष त्रिवेदी ने दोनों कलाकारों को बधाई देते हुए कहा कि मेहनत, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण सफलता की कुंजी है। उन्होंने कहा कि ट्विंकल और शुभम की उपलब्धि जिले के अन्य युवा कलाकारों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और उन्हें अभिनय एवं रंगमंच के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रोत्साहित करेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि नई शिक्षा नीति लागू होने के बाद कला एवं रंगमंच के क्षेत्र में रोजगार और करियर की संभावनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे युवाओं के लिए नए अवसर सृजित हुए हैं।
कला जगत में खुशी की लहर
भारतेंदु नाट्य अकादमी में चयन की इस उपलब्धि पर बलिया के रंगकर्मियों, साहित्यकारों और कला प्रेमियों ने ट्विंकल गुप्ता एवं शुभम सिंह को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
