Ballia News: बलिया में डिजिटल अरेस्ट कर रिटायर्ड शिक्षक दंपति से 5.50 लाख की ठगी

बलिया: जिले के भीमपुरा थाना क्षेत्र के कुशहा ब्राह्मण गांव में एक चौंकाने वाला साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने रिटायर्ड शिक्षक गिरिजा शंकर सिंह और उनकी पत्नी को 24 घंटे डिजिटल अरेस्ट में रखकर 5.50 लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने उनके पोते पर मनी लॉन्ड्रिंग में शामिल होने का झूठा आरोप लगाकर उन्हें डरा-धमकाकर यह रकम ऐंठ ली। फिलहाल साइबर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कैसे हुई ठगी

रिटायर्ड शिक्षक गिरिजा शंकर सिंह ने बताया कि 20 जनवरी की सुबह उनके मोबाइल पर एक फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताया, जबकि उसके साथ मौजूद दूसरा व्यक्ति महाराष्ट्र पुलिस का अधिकारी होने का दावा कर रहा था।

यह भी पढ़े - बलिया में होगी ‘चंद्रशेखर की पत्रकारिता दृष्टि’ पर संगोष्ठी, देशभर के पत्रकार और शिक्षाविद होंगे शामिल

पीड़ित के अनुसार, उनके पोते पर अंतरराष्ट्रीय मनी लॉन्ड्रिंग में शामिल होने का आरोप लगाया गया और उन्हें वॉट्सऐप पर कुछ फर्जी कानूनी नोटिस भेजे गए। इसी दौरान, ठगों ने उन्हें डराकर किसी से संपर्क करने और कहीं आने-जाने से रोक दिया। अगर उन्होंने निर्देशों का पालन नहीं किया, तो दिल्ली में रहने वाले उनके परिवार के सदस्यों की जान को खतरे में डालने की धमकी दी गई।

इसके बाद, ठगों ने बैंक में जमा उनकी 5.50 लाख रुपये की फिक्स डिपॉजिट राशि को चेक के जरिए दूसरे खाते में ट्रांसफर करवा लिया। साथ ही, उन्होंने इस लेनदेन की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

पुलिस ने शुरू की जांच

साइबर थाना प्रभारी नदीम फरीदी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस साइबर एक्सपर्ट की मदद से ठगों की लोकेशन ट्रेस करने और उनके बैंक खातों की जानकारी निकालने में जुटी है।

सावधान रहें, सतर्क रहें

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, विशेष रूप से खुद को पुलिस या सरकारी अधिकारी बताने वाले व्यक्तियों के झांसे में न आएं। अगर किसी पर संदेह हो, तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या नजदीकी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराएं।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.