Ballia News: ईओ और अध्यक्ष के खिलाफ सभासदों ने खोला मोर्चा, अनशन की चेतावनी

बलिया: नगर पालिका में भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर सभासदों ने ईओ (अधिशासी अधिकारी) और नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ आंदोलन का ऐलान कर दिया है। बृहस्पतिवार को नगर पालिका सभागार में बैठक कर इस विरोध की रणनीति तय की गई। सभासदों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो वे एक फरवरी से चौक शहीद पार्क स्थित गांधी प्रतिमा के समक्ष अनशन पर बैठेंगे।

भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप

सभासदों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका प्रशासन में भ्रष्टाचार चरम पर है। 15वें वित्त आयोग की धनराशि, गलियों की सफाई, अतिक्रमण हटाने, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन शुरू कराने और ददरी मेला के आय-व्यय का पूरा ब्योरा सार्वजनिक करने समेत 12 सूत्री मांगों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है।

यह भी पढ़े - Ballia News: गंगा में मुंडन संस्कार के दौरान चार लोग डूबे, तलाश जारी

लगातार शिकायतों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं

सभासदों ने बताया कि नगर में मूलभूत सुविधाओं, सफाई व्यवस्था और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का प्रस्ताव बोर्ड बैठक में पारित किया गया था। इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इस संबंध में कई बार नगर पालिका अध्यक्ष संत कुमार उर्फ मिठाई लाल और ईओ सुभाष कुमार को पत्राचार कर अवगत कराया गया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

डीएम से भी की गई शिकायत

सभासदों ने बताया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ 9 सितंबर 2024 को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन आश्वासन के सिवा कुछ नहीं मिला। इसके बाद 22 जनवरी को पुनः स्मरण पत्र देकर नगर के वार्डों में आवश्यक कार्य कराने की मांग की गई, मगर कोई कदम नहीं उठाया गया।

अनशन की चेतावनी

सभासदों ने दो टूक कहा कि अगर उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे 1 फरवरी से अनशन शुरू करेंगे। इस बैठक में अमित कुमार दूबे, यशवंत सिंह, अन्नया यादव, अशोक सिंह, रंजना देवी, शबनम निसार, मुकेश यादव, सूरत तिवारी, प्रेरक गुप्ता, पवन गुप्ता, ददन यादव, सुमित मिश्रा, ललित चौधरी, जितेंद्र शाह, बब्लू गोंड, दिलशाद, रवि वर्मा, गीता देवी, धर्म भारती, अखिलेश सिंह झींगन, मनोज गुप्ता सहित कई सभासद मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं

Latest News

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.