- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- Ballia News: बलिया के कवि श्वेतांक सिंह को महाराष्ट्र में मिला सम्मान
Ballia News: बलिया के कवि श्वेतांक सिंह को महाराष्ट्र में मिला सम्मान

बलिया। जिले के प्रख्यात कवि श्वेतांक सिंह को अहमदनगर, महाराष्ट्र में आयोजित एक साहित्यिक आयोजन के दौरान सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम सामाजिक संस्था स्नेहालय और हिन्दी सृजन सभा के संयुक्त तत्वावधान में स्नेहालय कार्यालय में संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित कवि श्वेतांक सिंह को स्नेहालय के संस्थापक डॉ. गिरीश कुलकर्णी और डॉ. ऋचा शर्मा (अध्यक्ष, हिन्दी विभाग, अहमदनगर कॉलेज) ने अंगवस्त्र, श्रीफल, स्मृति चिह्न, पुस्तक और प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया।
संवाद के दौरान श्वेतांक सिंह ने कहा, “यह सम्मान किसी व्यक्ति विशेष का नहीं बल्कि भाषाओं के पारस्परिक प्रेम और सम्मान का प्रतीक है। भाषाएं नदियों की तरह हैं, जो एक-दूसरे को गले लगाती हैं। भेदभाव मनुष्यों की मानसिक कमजोरी है, लेकिन साहित्य हमेशा दिलों को जोड़ने का काम करता है।”
उल्लेखनीय है कि श्वेतांक सिंह की कविताओं का अनुवाद उड़िया, असमिया, अंग्रेजी, कन्नड़, बंगाली, गुजराती, नेपाली सहित कई भाषाओं में हो चुका है। वर्तमान में वह बलिया में अध्यापन करते हुए हिंदी साहित्य की दुनिया में सक्रिय लेखन कर रहे हैं।