- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- Ballia News : 16 जून से खुलेंगे स्कूल, बीएसए ने जारी किए सात अहम निर्देश
Ballia News : 16 जून से खुलेंगे स्कूल, बीएसए ने जारी किए सात अहम निर्देश
बलिया: उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद के अधीन संचालित परिषदीय और मान्यता प्राप्त विद्यालय ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद 16 जून 2026 से पुनः संचालित होंगे। विद्यालयों के सुचारू संचालन को लेकर बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) मनीष कुमार सिंह ने सात बिंदुओं पर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
बीएसए के प्रमुख निर्देश:
1. विद्यालय की साफ-सफाई सुनिश्चित करें
सभी विद्यालयों में समुचित साफ-सफाई कराई जाए। कक्षा कक्षों के कोनों, फर्नीचर और अलमारियों के नीचे विशेष रूप से सफाई और जांच कराई जाए।
2. बच्चों का उत्साहपूर्वक स्वागत करें
ग्रीष्मावकाश के बाद विद्यालय आने वाले छात्र-छात्राओं का रोली और टीका लगाकर स्वागत किया जाए तथा विद्यालय में उत्सव जैसा माहौल बनाया जाए।
3. अभिभावकों को दी जाए सूचना
विद्यालय खुलने, नियमित पठन-पाठन शुरू होने और बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए अभिभावकों को जानकारी दी जाए।
4. जर्जर भवनों में न हो पढ़ाई
किसी भी जर्जर भवन में पठन-पाठन नहीं कराया जाएगा। ऐसे भवनों पर बड़े अक्षरों में ‘निष्प्रयोज्य भवन’ अंकित कराया जाए।
5. मूलभूत सुविधाएं हों उपलब्ध
विद्यालयों में शौचालय की साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल, बिजली और मिड-डे-मील के लिए आवश्यक सामग्री की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
6. मिड-डे-मील की गुणवत्ता का रखें ध्यान
किचन की साफ-सफाई कर निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन तैयार कराया जाए। विद्यालय खुलने के पहले दिन निर्धारित भोजन के साथ संभव हो तो मीठा व्यंजन भी बच्चों को दिया जाए।
7. सभी छात्रों को मिले पाठ्य पुस्तकें
विद्यालय में अध्ययनरत सभी छात्र-छात्राओं को समय से पाठ्य पुस्तकों की उपलब्धता अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए।
बीएसए ने सभी विद्यालयों को निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं, ताकि नए सत्र की शुरुआत स्वच्छ, सुरक्षित और उत्साहपूर्ण वातावरण में हो सके।
