बलिया में किशोरी की फोटो से AI ने बनाया अश्लील वीडियो, फर्जी इंस्टाग्राम आईडी से वायरल करने का आरोप

बांसडीह में 17 वर्षीय किशोरी के परिजनों ने पुलिस से की शिकायत, आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश

बांसडीह, बलिया: बांसडीह कोतवाली क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोरी की तस्वीरों का कथित तौर पर इस्तेमाल कर AI तकनीक से अश्लील वीडियो तैयार कर वायरल करने का मामला सामने आया है। किशोरी के अभिभावक ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। घटना को लेकर क्षेत्र में भी नाराजगी है।

पीड़ित पिता के अनुसार, आरोपी युवक बांसडीह कस्बे का रहने वाला है और पहले किशोरी के साथ एक ही स्कूल में पढ़ता था। आरोप है कि स्कूल में आपत्तिजनक गतिविधियों के चलते युवक को विद्यालय से निकाल दिया गया था, जिसके बाद वह परिवार से रंजिश रखने लगा।

यह भी पढ़े - Ballia News : बाढ़ राहत वितरण में अनियमितता की शिकायत पर लेखपाल निलंबित, जांच में आरोपों की हुई पुष्टि

फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर वीडियो वायरल करने का आरोप

परिजनों का आरोप है कि युवक ने पहले किशोरी के सोशल मीडिया अकाउंट का स्क्रीनशॉट लेकर उसके नाम और तस्वीरों से मिलती-जुलती फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई। इसके बाद AI तकनीक का कथित इस्तेमाल कर अश्लील वीडियो तैयार किया और उसे किशोरी के स्कूल के छात्र-छात्राओं, दोस्तों और रिश्तेदारों के बीच प्रसारित कर दिया।

परिवार का आरोप है कि इससे पहले भी आरोपी ने किशोरी और उसकी मां की तस्वीरों का इस्तेमाल कर दो अलग-अलग फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाए थे।

परिवार को धमकी देने का भी आरोप

परिजनों के मुताबिक, जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपी ने कथित तौर पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी और वीडियो को और अधिक वायरल करने की बात कही। इससे परिवार में भय का माहौल है।

पीड़ित पिता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने शुरू की जांच

प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि मामले में अभियोग पंजीकृत करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और शिकायत में लगाए गए आरोपों की पड़ताल की जा रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.