सिद्धार्थनगर में शादी के 20 घंटे बाद नवदंपती की मौत, पति फंदे से लटका मिला

सुहागरात के बाद कमरे में मिले 21 वर्षीय युवक और 19 वर्षीय पत्नी के शव, पुलिस ने शुरू की जांच

सिद्धार्थनगर: सात फेरों की खुशियां 20 घंटे भी नहीं टिक सकीं। सिद्धार्थनगर में शादी के अगले ही दिन नवदंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से गांव में सनसनी फैल गई। 21 वर्षीय देशराज चौहान का शव फंदे से लटका मिला, जबकि उसकी 19 वर्षीय पत्नी अनिता बिस्तर पर मृत पड़ी थी। कमरे का दरवाजा खुला हुआ था।

जनियाजोत निवासी देशराज का कड़जहवा निवासी अनिता से प्रेम संबंध था। दोनों परिवारों की सहमति से अप्रैल में शादी तय हुई थी। देशराज करीब 20 दिन पहले मुंबई से गांव लौटा था, जबकि अनिता करीब 10 दिन पहले उसके घर आ गई थी। बाद में दोनों परिवारों की सहमति से तय तारीख से पहले ही शादी करने का फैसला हुआ।

सोमवार दोपहर करीब दो बजे बांसी स्थित टेकधर बाबा मंदिर में दोनों का विवाह हुआ। इसके बाद घर में रिश्तेदारों और पट्टीदारों के लिए प्रीतिभोज हुआ। रात में सभी लोग सोने चले गए।

सुबह कमरे में मिला दोनों का शव

मंगलवार सुबह देशराज की मौसी नवदंपती को जगाने कमरे में पहुंचीं। दरवाजा खुला था। अंदर देशराज फंदे से लटका मिला, जबकि अनिता बिस्तर पर मृत पड़ी थी। दोनों को इस हालत में देखकर घर में चीख-पुकार मच गई। देशराज के पिता ने पुलिस को सूचना दी।

प्रभारी निरीक्षक महेंद्र प्रताप चतुर्वेदी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

नवदंपती की मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन पुलिस ने किसी संभावना की पुष्टि नहीं की है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मौत की वजह स्पष्ट होगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.