बहराइच: जमीनी विवाद में पिटाई से घायल युवक ने तोड़ा दम, नहीं दर्ज हुआ केस

बहराइच: जनपद के इटहा गांव निवासी एक युवक को दो दिन पूर्व गांव के दबंगों ने जमीनी विवाद में पिटाई कर घायल कर दिया था। युवक का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा था। सोमवार को इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

कोतवाली नानपारा अंतर्गत ईटहा गांव निवासी पुरुषोत्तम यादव (35) शनिवार को अकेले अपने घर जा रहा था। इसकी जानकारी होने पर गांव निवासी दिनेश, रिंकू, कपिल, अरुण, नवल किशोर आदि ने युवक को रास्ते में घेरकर लाठी डंडों से पिटाई कर घायल कर दिया। इसके बाद सभी फरार हो गए। 

यह भी पढ़े - लखनऊ में दर्दनाक घटना: प्रेमी-प्रेमिका ने वंदे भारत ट्रेन के आगे लेटकर दी जान, सुसाइड नोट में मांगी माफी

कुछ देर में पहुंचे परिवार के लोगों ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानपारा पहुंचाकर भर्ती कराया। यहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान सोमवार दोपहर में युवक की मौत हो गई। इस पर परिवार के लोग रोने लगे। 

अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के भाई कन्हैया लाल ने बताया कि घूर लगाने के विवाद में भाई की पिटाई हुई है। वह सभी काफी समय खाली पड़ी जमीन में घूर लगा रहे थे। उसका कहना है कि पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। 

इस मामले में प्रभारी निरीक्षक मिथलेश कुमार राय से बात की गई तो उन्होंने बताया कि मारपीट नहीं हुई थी। युवक ने शराब पी रखी थी। उनका कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद केस दर्ज कर जांच की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.