- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बहराईच
- बहराइच : विवाहिता और दो मासूम बेटियों की संदिग्ध मौत, पिता ने ससुराल पक्ष पर हत्या का लगाया आरोप
बहराइच : विवाहिता और दो मासूम बेटियों की संदिग्ध मौत, पिता ने ससुराल पक्ष पर हत्या का लगाया आरोप
बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के पयागपुर थाना क्षेत्र में रविवार को एक विवाहिता और उसकी दो मासूम बेटियों की संदिग्ध हालात में मौत से सनसनी फैल गई। पीड़ित पक्ष ने दहेज उत्पीड़न और हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए महिला के पति, ससुर और सास के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तहरीर के अनुसार, पति विष्णु, ससुर बजरंगी और सास पिंकी देवी अक्सर आशा के साथ मारपीट करते थे और मायके से दहेज लाने का दबाव बनाते थे। आशा ने प्रताड़ना की बात कई बार अपने मायके वालों को बताई, लेकिन ससुराल पक्ष के व्यवहार में कोई सुधार नहीं हुआ।
घटना 10 जनवरी की रात की बताई जा रही है। परिजनों को सूचना मिली कि आशा और उसकी दोनों बेटियों की मौत हो गई है। पिता का आरोप है कि आशा और उसकी बड़ी बेटी का शव तालाब के पास मिला, जबकि छोटी बेटी का शव नहीं मिला। परिजनों का दावा है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि दहेज के लिए की गई हत्या है और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शवों को तालाब के पास फेंका गया।
थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक सुरेश मणि मिश्र को सौंपी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
