Badaun News: शराब की लत और जमीन विवाद बना हत्या की वजह, भाई-भाभी और मां ने मिलकर युवक को मारकर शव फेंका रेलवे लाइन पर

बदायूं। कुंवरगांव क्षेत्र के अहरुईया गांव में पारिवारिक विवाद के चलते युवक वीरभान की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने उसकी मां, भाई और भाभी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों ने शराब की लत और जमीन बेचने के दबाव से परेशान होकर युवक को छत से धक्का देकर मार डाला और फिर शव को रेलवे ट्रैक के पास फेंक दिया था।

लापता बेटे की गुमशुदगी, अगले दिन मिला शव

19 मई को वीरभान के पिता लीलाधर ने थाने में बेटे के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अगले ही दिन वीरभान का शव बिनावर थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर ब्यौर के पास रेलवे लाइन के किनारे पड़ा मिला। शव के पास एक गमछा भी बरामद हुआ, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई।

पुलिस ने पहले गुमशुदगी दर्ज की थी, लेकिन शव मिलने के बाद हत्या की धारा जोड़ते हुए गहन जांच शुरू की।

पूछताछ में खुला हत्या का राज

पुलिस ने जांच के दौरान मृतक की मां माया देवी, भाई भगवान दास और भाभी सोमवती को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों ने कबूल किया कि वीरभान शराब का आदी था, घर का सामान चोरी करता और जमीन बिकवाने का दबाव बनाता था। इससे तंग आकर भगवान दास और सोमवती ने उसकी छत से धक्का देकर हत्या कर दी।

जब वीरभान की मौत हो गई तो शव को फंदे पर टांग कर खुदकुशी का रूप देने की कोशिश की गई। इसके बाद तीनों ने तय किया कि शव को रेलवे लाइन के पास फेंक दिया जाए ताकि किसी को शक न हो।

शव फेंकने से पहले ससुराल से लाए जेवर

आरोपियों ने वीरभान की मौत के बाद उसकी ससुराल से जेवर लाने की साजिश रची। मां और भाई ससुराल गए और वहां से जेवरात लेकर लौटे। रात में तीनों ने मिलकर ई-रिक्शा के जरिए शव को रेलवे लाइन के पास ले जाकर फेंक दिया और गांव में अफवाह फैला दी कि वीरभान गायब हो गया है।

पुलिस ने किया खुलासा

कुंवरगांव थाना प्रभारी अरविंद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। घटना में प्रयुक्त रस्सी, दराती और ई-रिक्शा भी बरामद कर लिया गया है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक योगराज सिंह, हेड कांस्टेबल गिरिराज सिंह, कांस्टेबल आयुष कुमार, महिला कांस्टेबल दामिनी और मीना पाल शामिल रहीं।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.