Azamgarh News: नहर में मिले अज्ञात शव की शिनाख्त, परिजनों ने अपहरण कर हत्या का लगाया आरोप

आजमगढ़। इस्माइलपुर गांव के पास मंगलवार सुबह शारदा सहायक खंड 32 नहर में मिले अज्ञात शव की पहचान हो गई है। मृतक के रिश्तेदार ने आरोप लगाया है कि रुपये के लेनदेन को लेकर अपहरण कर उसकी हत्या की गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी है।

गांव के पास नहर में मिला था शव

जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के हरई इस्माइलपुर गांव के पास मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने नहर में एक 40 से 50 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव देखा। सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में यह खबर फैल गई और मौके पर भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद जीयनपुर कोतवाली और मोहम्मदाबाद थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। चूंकि शव जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र में मिला था, इसलिए पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

यह भी पढ़े - Azamgarh News : आजमगढ़ में माफिया कुन्टू सिंह की डेढ़ करोड़ रुपये की हवेली कुर्क

रिश्तेदारों ने की पहचान, अपहरण कर हत्या का आरोप

मंगलवार रात करीब 10 बजे नगर कोतवाली क्षेत्र के पठखौली गांव से राजेश पाठक (50) के परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और शव की पहचान की। मृतक के साले राकेश मिश्रा ने आरोप लगाया कि राजेश पाठक का कुछ लोगों से रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था।

राकेश मिश्रा ने बताया कि 17 फरवरी को राजेश को पैसे के लेनदेन के लिए बुलाया गया था, इसके बाद से उनका मोबाइल बंद हो गया और वह लापता हो गए। परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मंगलवार को जब नहर में अज्ञात शव मिलने की खबर मिली, तो वे पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और शव की पहचान की।

जमीनी विवाद में पहले भी मिल चुकी थी धमकी

परिजनों के मुताबिक, दिसंबर 2024 में जमीनी विवाद को लेकर राजेश पाठक को मोबाइल पर जान से मारने की धमकी मिली थी। उन्होंने इस संबंध में नगर कोतवाली में मामला दर्ज कराया था। 17 फरवरी को उन्हें दोबारा फोन कर बुलाया गया था, तभी से वे लापता थे।

पुलिस जांच में जुटी, कुछ संदिग्ध हिरासत में

एसपी हेमराज मीना ने बताया कि शव की शिनाख्त राजेश पाठक के रूप में हुई है और परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.