- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- अयोध्या
- Ayodhya News: शिक्षक पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर, लखनऊ में भर्ती
Ayodhya News: शिक्षक पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर, लखनऊ में भर्ती
मिल्कीपुर/अयोध्या। इनायत नगर थाना क्षेत्र में सोमवार शाम घर लौट रहे शिक्षक उमाशंकर चौरसिया (50) पर अज्ञात हमलावरों ने हमला कर दिया। इस हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले मिल्कीपुर सीएचसी ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल और फिर लखनऊ के सहारा हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। उनकी स्थिति अब भी नाजुक बनी हुई है।
परिजनों ने बताया कि उन्हें बेहोशी की हालत में खून से लथपथ पाया गया। घायल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया। सहारा हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, उमाशंकर अब भी बेहोश हैं, और उनकी स्थिति बेहद गंभीर है।
परिवार का आरोप है कि कुछ स्थानीय लोग उनसे रंजिश रखते हैं। इससे पहले भी, करीब एक साल पहले, उनके साथ ऐसी घटना की कोशिश की गई थी, लेकिन समय रहते टल गई। हाल ही में हुए उपचुनाव के बाद से यह विवाद और बढ़ गया है।
इनायत नगर थाना पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिल गई है। तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। घटना से इलाके में तनाव का माहौल है।
