- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- अयोध्या
- Ayodhya News: दलित युवती की हत्या पर फूट-फूटकर रोए सपा सांसद अवधेश प्रसाद, बोले- इंसाफ न मिला तो दे
Ayodhya News: दलित युवती की हत्या पर फूट-फूटकर रोए सपा सांसद अवधेश प्रसाद, बोले- इंसाफ न मिला तो दे दूंगा इस्तीफा
Ayodhya News। समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान फूट-फूटकर रो पड़े। वे अयोध्या में दलित युवती की नृशंस हत्या से व्यथित नजर आए और पीड़िता के परिवार को न्याय दिलाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि यदि पीड़िता को इंसाफ नहीं मिला, तो वे लोकसभा से इस्तीफा दे देंगे।
सांसद ने परिवार से की मुलाकात, न्याय दिलाने का भरोसा
सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने शनिवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि यह घटना बहुत ही शर्मनाक और हृदय विदारक है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब उन्होंने इस मामले पर बोलना शुरू किया, तो वे खुद को संभाल नहीं पाए और फफक-फफक कर रो पड़े।
'इंसाफ नहीं मिला तो छोड़ दूंगा लोकसभा की सदस्यता'
सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा,
"अगर इस दलित बेटी को न्याय नहीं मिला, तो मैं लोकसभा से इस्तीफा दे दूंगा। यह सिर्फ एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरे समाज का मामला है।"
उनकी भावुकता से वहां मौजूद लोग भौंचक्के रह गए। इस दौरान पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय पवन और सपा जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव ने उन्हें सांत्वना दी और शांत कराने का प्रयास किया।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने बताया कि एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया और फॉरेंसिक जांच के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। युवती की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे उसकी मौत की सही वजह सामने आ सके।
इस घटना ने अयोध्या में राजनीतिक माहौल गरमा दिया है और विपक्ष ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।
