महाराष्ट्र महानगरपालिका चुनाव: 2800 से अधिक प्रत्याशियों की किस्मत EVM में बंद, जानिए कहां कितना हुआ मतदान

मुंबई। महाराष्ट्र में देश की सबसे अमीर नगर निकाय बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) सहित 29 महानगरपालिकाओं के लिए गुरुवार शाम 5:30 बजे मतदान संपन्न हो गया। राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) के आयुक्त दिनेश वाघमारे के अनुसार, इस बार 46 से 50 प्रतिशत तक मतदान दर्ज किया गया है, जो 2017 के महानगरपालिका चुनावों से अधिक बताया जा रहा है।

दिनेश वाघमारे ने पीटीआई वीडियो से बातचीत में कहा कि मतदान प्रतिशत संतोषजनक है। एसईसी के आंकड़ों के अनुसार, अपराह्न 3:30 बजे तक राज्य की 29 महानगरपालिकाओं में 41.13 प्रतिशत मतदान हो चुका था।

यह भी पढ़े - महाराष्ट्र महानगरपालिका चुनाव: एग्जिट पोल में भाजपा–शिवसेना गठबंधन को बढ़त, बड़ी जीत के संकेत

प्रमुख शहरों में मतदान प्रतिशत

आंकड़ों के मुताबिक अपराह्न 3:30 बजे तक

कोल्हापुर में सबसे अधिक 50.85% मतदान

मुंबई में 41.08%

पुणे में 36.95%

नागपुर में 41.23%

छत्रपति संभाजीनगर में 43.67%

नासिक में 39.64% मतदान दर्ज किया गया।

राज्य भर में 2800 से अधिक प्रत्याशियों की किस्मत अब ईवीएम में कैद हो चुकी है। मतगणना शुक्रवार सुबह 10 बजे से शुरू होगी और शाम 4 बजे तक अंतिम नतीजे आने की संभावना है।

धुले में हिंसा, ईवीएम को पहुंचा नुकसान

नगर निकाय चुनाव के दौरान धुले जिले में हिंसा की घटनाएं भी सामने आईं। पिछले 48 घंटों में दो गुटों के बीच झड़प के दौरान एक ईवीएम क्षतिग्रस्त कर दी गई। इसके अलावा एक अन्य घटना में भीड़ ने शिवसेना नेता के घर पर हमला किया।

पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम देवपुर की कृषि कॉलोनी में शिवसेना के धुले जिला प्रमुख मनोज मोरे के घर पर करीब 20 लोगों की भीड़ ने हमला किया। यह विवाद कथित तौर पर उम्मीदवारी वापस लेने को लेकर हुआ था। बताया गया कि इस मामले में मनोज मोरे और भाजपा नेता विलास शिंदे के समर्थकों के बीच टकराव हुआ, जिसके बाद पथराव और वाहनों में तोड़फोड़ की गई।

पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों के समर्थकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत दंगा और गैरकानूनी जमावड़े की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.