बैंक कर्ज के दबाव में डेयरी संचालक ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, सुसाइड नोट बरामद

झुंझुनू। राजस्थान के झुंझुनू जिले में बैंक ऋण के दबाव में एक डेयरी संचालक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, 50 वर्षीय व्यक्ति ने सिरसा-कोटा ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। घटना सूरजगढ़ तहसील के मावंडियों की ढाणी के पास गुरुवार रात की बताई जा रही है।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान विनोद पूनिया (50) के रूप में हुई है, जो रामरख की ढाणी (उधमपुरा) का निवासी था। उसके पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें उसने डेयरी व्यवसाय में नुकसान और बैंक के कर्ज का भुगतान न कर पाने को आत्महत्या का कारण बताया है।

यह भी पढ़े - राष्ट्रीय कुर्मी क्षत्रिय महासभा 12 अप्रैल को चलाएगी ऑनलाइन सदस्यता अभियान, कई दिग्गज होंगे शामिल

पुलिस के अनुसार, मृतक पर करीब 31 लाख रुपये से अधिक का बैंक ऋण बकाया था। परिजनों का आरोप है कि ऋण की किश्तें जमा नहीं होने पर बैंक अधिकारियों द्वारा दबाव बनाया जा रहा था, जिससे वह मानसिक तनाव में था।

मृतक के परिजनों ने बताया कि वह गुरुवार सुबह घर से दूध के भुगतान लेने और पशुओं के चारे की व्यवस्था करने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। रात में पुलिस से सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां शव मिला।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक की जेब से बैंक का नोटिस भी बरामद हुआ है, जिसमें बकाया राशि जमा करने की मांग की गई थी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और सुसाइड नोट सहित अन्य दस्तावेज जब्त कर लिए।

शव को पोस्टमार्टम के लिए उपजिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश है। उन्होंने बैंक कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई, कर्ज माफी और परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग को लेकर थाने में ज्ञापन सौंपा है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.