Ballia News: टोस नदी में गिरा कोयला लदा ट्रक, खलासी की मौत, चालक गंभीर

बलिया। राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर फेफना और चितबड़ागांव के बीच टोस नदी पुल पर शुक्रवार तड़के एक कोयला लदा ट्रक अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए नदी में गिर गया। हादसे में ट्रक के खलासी की मौके पर मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार, चितबड़ागांव से फेफना की ओर जा रहा ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और पुल की रेलिंग तोड़कर नीचे जा गिरा। दुर्घटना में खलासी पंकज यादव (25), निवासी बक्सर (बिहार) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चालक लाऊ खरवार (30) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के बाद बीएचयू वाराणसी रेफर किया गया।

यह भी पढ़े - बलिया में गोवंश तस्करी से अर्जित संपत्ति जब्त, दो पिकअप वाहन सीज

घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विश्वदीप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जेसीबी मशीन और गैस कटर की मदद से काफी मशक्कत के बाद ट्रक में फंसे खलासी के शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण और राहगीर पुल पर जमा हो गए। दुर्घटना की भयावहता को देखकर लोग स्तब्ध रह गए।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.