अस्पताल जाते समय संवेदनशीलता और संयम जरूरी : डॉ. अतुल मलिकराम

नई दिल्ली, मार्च 2026 : अस्पताल में भर्ती मरीज से मिलने जाते समय लोगों को संवेदनशीलता और संयम बरतने की आवश्यकता है, ताकि उनकी मौजूदगी मरीज और उसके परिजनों के लिए राहत का कारण बने, परेशानी का नहीं। यह बात डॉ. अतुल मलिकराम ने कही।

उन्होंने कहा कि मरीज पहले से ही शारीरिक और मानसिक तनाव से गुजर रहा होता है, ऐसे में मिलने आने वालों को सकारात्मक व्यवहार अपनाना चाहिए। मरीज के सामने नकारात्मक बातें करने या डर पैदा करने से बचना चाहिए और उसका मनोबल बढ़ाने वाली बातें करनी चाहिए।

यह भी पढ़े - कलंबी गांव में मल्टीस्पेशलिटी हेल्थ कैंप, 114 मरीजों को मिला लाभ

डॉ. मलिकराम ने कहा कि कई लोग बिना जानकारी के इलाज से जुड़ी सलाह देने लगते हैं, जो उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि इलाज डॉक्टर का काम है और लोगों को केवल भावनात्मक सहयोग तक सीमित रहना चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि अस्पताल में स्वच्छता और नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है। हाथ साफ रखना, मास्क पहनना और भीड़ से बचना संक्रमण रोकने के लिए आवश्यक है। यदि किसी को सर्दी, खांसी या बुखार हो, तो उसे अस्पताल जाने से बचना चाहिए।

डॉ. मलिकराम ने कहा कि मरीज को आराम की जरूरत होती है, इसलिए अधिक समय तक उसके पास बैठना या एक साथ अधिक लोगों का जाना उचित नहीं है। अस्पताल में शांति बनाए रखना और मरीज की निजता का सम्मान करना भी जरूरी है।

उन्होंने कहा कि मरीज को खाने-पीने की चीजें देने से पहले डॉक्टर या परिजनों से सलाह लेनी चाहिए, क्योंकि हर मरीज की डाइट अलग होती है। इसके साथ ही जरूरत पड़ने पर दवा लाना, जांच रिपोर्ट लाना या अन्य व्यावहारिक मदद करना अधिक उपयोगी होता है।

उन्होंने कहा कि अस्पताल जाना केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जिम्मेदारी है और लोगों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनके व्यवहार से मरीज को राहत मिले।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.