- Hindi News
- भारत
- आनंदम सीनियर सिटीज़न सेंटर के वरिष्ठ सदस्यों ने लगाए 66 पौधे, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
आनंदम सीनियर सिटीज़न सेंटर के वरिष्ठ सदस्यों ने लगाए 66 पौधे, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
इंदौर। पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित भविष्य सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आनंदम सीनियर सिटीज़न सेंटर के वरिष्ठ सदस्यों ने पितृ पर्वत पर 66 पौधों का वृक्षारोपण किया। कार्यक्रम में आनंदम और उसकी महिला इकाई आनंदिनी के करीब 40 सदस्यों ने भाग लिया तथा पौधों के संरक्षण और देखभाल का संकल्प लिया।
आनंदम सीनियर सिटीज़न सेंटर के सचिव एस.बी. खंडेलवाल ने कहा, "पौधरोपण करना आसान है, लेकिन उन्हें बड़ा होते देखना और उनकी देखभाल करना ही वास्तविक सेवा है। आनंदम परिवार शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण जैसे हर क्षेत्र में समाज को कुछ लौटाने का प्रयास करता है।"
आनंदम ट्रस्ट एवं आनंदिनी की अध्यक्ष गुरवीन कौर भाटिया ने कहा, "जीवन का सबसे बड़ा सुख केवल अपने लिए जीने में नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए कुछ छोड़ जाने में है। आज लगाए गए ये पौधे भविष्य में हजारों लोगों को स्वच्छ हवा, छांव और बेहतर पर्यावरण देंगे।"
आयोजकों ने बताया कि लगाए गए 66 पौधे केवल पौधे नहीं, बल्कि हरित और स्वच्छ भविष्य की 66 नई उम्मीदें हैं। कार्यक्रम के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों ने यह संदेश दिया कि प्रकृति की सेवा भी समाज सेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है और हर व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
