- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- हापुर
- UP News: जीपीएस ट्रैकर से पति का पीछा कर होटल पहुंची पत्नी, कथित प्रेमिका के साथ पकड़ा; सड़क से कोर्...
UP News: जीपीएस ट्रैकर से पति का पीछा कर होटल पहुंची पत्नी, कथित प्रेमिका के साथ पकड़ा; सड़क से कोर्ट तक चला हंगामा
हापुड़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ में पति-पत्नी के विवाद का एक अनोखा मामला सामने आया है। पति पर दूसरी महिला से संबंध होने के शक में पत्नी ने उसकी कार में जीपीएस ट्रैकर लगवा दिया। ट्रैकिंग के जरिए वह अपने परिजनों के साथ एक होटल पहुंची, जहां पति कथित प्रेमिका के साथ मिला। इसके बाद होटल, सड़क और बाद में कोर्ट परिसर तक जमकर हंगामा हुआ। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की है।
होटल में पत्नी ने अपने पति को कथित प्रेमिका के साथ देख लिया। इसके बाद गुस्साई पत्नी और परिजनों ने होटल परिसर में हंगामा कर दिया। विवाद बढ़ने पर पति के साथ मारपीट भी हुई। मामला होटल से निकलकर सड़क तक पहुंच गया, जहां लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को नगर कोतवाली ले गई। पुलिस ने शांति भंग की आशंका के तहत कार्रवाई की। बाद में जब पति एसडीएम कोर्ट से जमानत पर बाहर निकला तो पत्नी ने कोर्ट परिसर में भी उसके साथ मारपीट कर दी।
महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि उसके पति के साथ मिली महिला बुलंदशहर जिले के एक सरकारी अस्पताल में नर्स है। हालांकि पुलिस ने इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
नगर कोतवाली पुलिस के अनुसार, पति-पत्नी के विवाद के मामले में दोनों पक्षों पर शांतिभंग की कार्रवाई की गई है। मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर आगे की जांच की जा रही है। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।
