- Hindi News
- भारत
- इसरो प्रमुख का बड़ा खुलासा: 10 उपग्रह देश की सुरक्षा में 24 घंटे कर रहे निगरानी
इसरो प्रमुख का बड़ा खुलासा: 10 उपग्रह देश की सुरक्षा में 24 घंटे कर रहे निगरानी

इम्फाल: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के प्रमुख डॉ. वी. नारायणन ने रविवार को कहा कि देश की सुरक्षा और नागरिकों की संरक्षा के लिए 10 उपग्रह चौबीसों घंटे निगरानी कर रहे हैं। मणिपुर की राजधानी इम्फाल में केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में उन्होंने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारत एक "सजीव अंतरिक्ष शक्ति" के रूप में उभर रहा है और वर्ष 2040 तक देश का पहला अंतरिक्ष स्टेशन स्थापित करने का लक्ष्य है।
उनका यह बयान उस समय आया है जब भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव चल रहा है। हाल ही में भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकी ठिकानों पर कार्रवाई की थी।
सुरक्षा और विज्ञान का तालमेल जरूरी
इसरो प्रमुख ने कहा कि देश की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अंतरिक्ष तकनीक का इस्तेमाल बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा, “हमें 7,000 किलोमीटर लंबे समुद्री तट और उत्तर भारत के सीमावर्ती क्षेत्रों पर नजर रखनी है, जो केवल उपग्रहों और ड्रोन की मदद से ही संभव है।”
जी20 के लिए बनेगा खास उपग्रह
डॉ. नारायणन ने यह भी जानकारी दी कि इसरो जी20 देशों के लिए एक विशेष उपग्रह तैयार कर रहा है, जो जलवायु परिवर्तन, वायु प्रदूषण और मौसम की निगरानी में मदद करेगा।
उन्होंने देश की स्वतंत्रता के बाद विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में हुई प्रगति को "अद्वितीय और सराहनीय" बताया।