अंगदान करने वाले परिवारों का सम्मान समाज में मानवता की भावना को मजबूत करने की पहल : डॉ. अतुल मलिकराम

इंदौर/मुंबई, नवंबर 2026। किसी प्रियजन को खोने का दर्द कभी कम नहीं होता, लेकिन कुछ परिवार इस दुख की घड़ी में भी ऐसा निर्णय लेते हैं, जिससे दूसरों को नया जीवन मिल सकता है। अपने परिजन के अंगों और टिश्यू का दान कर दूसरों की जिंदगी बचाने वाले ऐसे परिवार मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हैं। इसी त्याग और साहस को सम्मान देने के उद्देश्य से 2030 का भारत ने ‘जीवनदाता परिवार सम्मान 2026’ की शुरुआत की है।

इस पहल के तहत अंगदान करने वाले परिवारों के साथ-साथ अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने वाले व्यक्तियों और चिकित्सा क्षेत्र में योगदान देने वाले विशेषज्ञों को सम्मानित किया जाएगा। आयोजन के उद्देश्य, चयन प्रक्रिया, आर्थिक सहयोग, भविष्य की योजनाओं और राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार को लेकर 2030 का भारत के संस्थापक डॉ. अतुल मलिकराम ने विस्तार से बातचीत की।

यह भी पढ़े - Axis Bank Auto Loan: अब कार और बाइक खरीदने के लिए 30 मिनट में मिलेगा लोन, एक्सिस बैंक ने शुरू की डिजिटल सुविधा

अंगदान करने वाले परिवारों को सम्मान देने की पहल क्यों शुरू की गई?

डॉ. अतुल मलिकराम के मुताबिक, जीवनदाता परिवार सम्मान 2030 का भारत की एक सामाजिक पहल है। इसका मुख्य उद्देश्य उन परिवारों को सम्मान देना है, जिन्होंने अपने किसी प्रियजन को खोने के बाद अंगदान या टिश्यूदान का निर्णय लेकर दूसरे लोगों को जीवन की नई उम्मीद दी। उनका मानना है कि ऐसे परिवारों के साहस और संवेदनशीलता को समाज में उचित पहचान मिलनी चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोग अंगदान के महत्व को समझ सकें।

तीन श्रेणियों में दिए जाएंगे सम्मान

इस सम्मान के लिए तीन श्रेणियां तय की गई हैं। पहली श्रेणी ‘जीवनदाता परिवार सम्मान’ है, जिसके तहत अंगदान या टिश्यूदान करने वाले परिवारों को सम्मानित किया जाएगा। दूसरी श्रेणी ‘जीवन प्रेरणा सम्मान’ उन व्यक्तियों और परिवारों के लिए है, जो अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। तीसरी श्रेणी ‘जीवन सारथी सम्मान’ के अंतर्गत डॉक्टरों, सर्जनों, ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर्स, काउंसलर्स और स्वास्थ्यकर्मियों के योगदान को सराहा जाएगा।

निष्पक्ष और पारदर्शी होगी चयन प्रक्रिया

डॉ. मलिकराम ने बताया कि सम्मान के लिए चयन का आधार लोकप्रियता नहीं, बल्कि वास्तविक योगदान होगा। अंगदान करने वाले परिवारों के मामले में संबंधित चिकित्सा संस्थानों से प्राप्त प्रमाणिक जानकारी और आवश्यक दस्तावेजों को प्राथमिकता दी जाएगी। जागरूकता के क्षेत्र में काम करने वाले लोगों के अभियानों, सामुदायिक सहभागिता और सामाजिक प्रभाव का मूल्यांकन किया जाएगा। वहीं चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों की भूमिका और योगदान को चयन का आधार बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और गरिमापूर्ण रखने का प्रयास किया जा रहा है।

नामांकन और अनुशंसा के जरिए सामने आएंगे योग्य लोग

सम्मान के लिए योग्य परिवारों और व्यक्तियों की पहचान करने के उद्देश्य से नामांकन और अनुशंसा की व्यवस्था की गई है। संबंधित संस्थाओं की मदद से परिवारों, सामाजिक संगठनों और चिकित्सा संस्थानों को पात्र लोगों के नाम सामने लाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि कोई भी योग्य व्यक्ति या परिवार जानकारी के अभाव में इस सम्मान से वंचित न रह जाए।

फिलहाल सरकारी अनुदान नहीं, सामाजिक सहयोग से आगे बढ़ेगी पहल

आर्थिक सहयोग के सवाल पर डॉ. अतुल मलिकराम ने स्पष्ट किया कि फिलहाल इस पहल के लिए कोई सरकारी अनुदान या विशेष आर्थिक सहायता प्राप्त नहीं हो रही है। हालांकि, संस्था सामाजिक सहभागिता और संस्थागत सहयोग के जरिए इसे आगे बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है। 2030 का भारत एक पंजीकृत फाउंडेशन है, जिसे आयकर अधिनियम के तहत 80G प्रमाणन प्राप्त है। संस्था व्यक्तिगत सहयोग, स्वयंसेवकों और कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के माध्यम से साझेदारी की संभावनाएं तलाश रही है। उन्होंने सरकारी सहयोग का भी स्वागत किया।

इंदौर से शुरू होकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचेगी पहल

डॉ. मलिकराम ने बताया कि जीवनदाता परिवार सम्मान केवल इंदौर तक सीमित नहीं रहेगा। इंदौर से इसकी शुरुआत होना गर्व की बात है, लेकिन इसका उद्देश्य मध्य प्रदेश के अन्य शहरों और भविष्य में देशभर तक पहुंचना है। उनके अनुसार, अंगदान किसी एक शहर या क्षेत्र का नहीं, बल्कि पूरे देश और मानवता से जुड़ा विषय है।

अंगदान से जुड़ी भ्रांतियां दूर करने पर जोर

समाज में अंगदान को लेकर फैली भ्रांतियों पर डॉ. मलिकराम ने कहा कि सही जानकारी और निरंतर संवाद के माध्यम से ही लोगों की सोच बदली जा सकती है। आज भी बड़ी संख्या में लोग अंगदान की प्रक्रिया और उससे जुड़ी चिकित्सकीय एवं कानूनी व्यवस्थाओं से पूरी तरह परिचित नहीं हैं। ऐसे में चिकित्सा विशेषज्ञों के माध्यम से प्रमाणिक जानकारी लोगों तक पहुंचाना जरूरी है। इसके लिए स्कूलों, कॉलेजों और सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की योजना भी महत्वपूर्ण है।

परिवारों की कहानियां बनेंगी दूसरों के लिए प्रेरणा

डॉ. मलिकराम का मानना है कि जब लोग ऐसे परिवारों की कहानियां सुनते हैं, जिन्होंने अपने गहरे दुख के बीच दूसरों को जीवन देने का निर्णय लिया, तो इसका समाज पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि अंगदान का निर्णय पूरी तरह स्वैच्छिक होना चाहिए। इस पहल का उद्देश्य किसी पर दबाव बनाना नहीं, बल्कि सही जानकारी देकर लोगों को जागरूक करना है।

शिक्षा से लेकर पुनर्वास तक सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय है 2030 का भारत

जीवनदाता परिवार सम्मान के अलावा 2030 का भारत शिक्षा, आजीविका, सामाजिक विकास और सामुदायिक सशक्तीकरण के क्षेत्र में भी काम कर रहा है। संस्था के टीचर्स ट्रेनिंग प्रोग्राम के तहत कक्षा एक से आठ तक के शिक्षकों को प्रशिक्षण और सहयोग दिया जाता है। वहीं, प्रोजेक्ट अपलिफ्ट के माध्यम से रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों और वंचित समुदायों को संसाधनों तथा बाजार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों के लिए डे-केयर सेंटर और बंदियों के पुनर्वास एवं कौशल विकास से जुड़ी पहलें भी संस्था की गतिविधियों में शामिल हैं।

जागरूकता बढ़ाना ही आयोजन की सबसे बड़ी सफलता

आयोजन की सफलता के मानकों पर बात करते हुए डॉ. अतुल मलिकराम ने कहा कि उनके लिए इसकी उपलब्धि केवल सम्मानित होने वाले परिवारों की संख्या तक सीमित नहीं है। यदि इस पहल के बाद परिवारों में अंगदान को लेकर बातचीत शुरू होती है, युवा जागरूकता फैलाने के लिए आगे आते हैं और समाज में इस विषय के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होती है, तो यही सबसे बड़ी सफलता होगी।

उन्होंने कहा कि संस्था की कोशिश है कि ‘जीवनदाता परिवार सम्मान’ केवल एक दिन का आयोजन बनकर न रह जाए, बल्कि यह लगातार चलने वाला ऐसा सामाजिक अभियान बने, जो मानवता, संवेदनशीलता और जीवन बचाने के संकल्प को मजबूत करे।

खबरें और भी हैं

Latest News

अंगदान करने वाले परिवारों का सम्मान समाज में मानवता की भावना को मजबूत करने की पहल : डॉ. अतुल मलिकराम अंगदान करने वाले परिवारों का सम्मान समाज में मानवता की भावना को मजबूत करने की पहल : डॉ. अतुल मलिकराम
इंदौर/मुंबई, नवंबर 2026। किसी प्रियजन को खोने का दर्द कभी कम नहीं होता, लेकिन कुछ परिवार इस दुख की घड़ी...
अंतरराष्ट्रीय पुरुष दिवस पर सोनी सब के कलाकारों ने बताया ताकत और पुरुषत्व का असली मतलब
‘मेरी वाली चुड़ैल है’ म्यूजिक वीडियो को मिला दर्शकों का प्यार, ऐश्वर्या शर्मा और मुस्कान बामने समेत कई कलाकारों ने की तारीफ
बलरामपुर में भीषण सड़क हादसा: दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में पांच युवकों की मौत, दो गंभीर घायल
बलिया में दर्दनाक सड़क हादसा: पेड़ से टकराई तेज रफ्तार बाइक, दो युवकों की मौत
Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.