'यादें' में भावनात्मक मोड़: डॉक्टर बनकर लौटे डॉ. देव, लेकिन टूटा दिल देगा नई चुनौती

मुंबई: सोनी सब का लोकप्रिय शो 'यादें' अब एक नए भावनात्मक मोड़ पर पहुंच गया है। अस्पताल की पृष्ठभूमि पर आधारित इस शो में डॉ. देव (इक़बाल खान) अपनी पहचान दोबारा हासिल करने में सफल हो जाते हैं, लेकिन निजी जिंदगी में उन्हें बड़ा झटका लगता है।

आने वाले एपिसोड्स में डॉ. सनी (अनुराग शर्मा) लगातार कोशिश करते हैं कि डॉ. देव को नुकसान पहुंचे और उनके फाइनल इंटरव्यू से पहले उनकी दवाइयों की डोज़ भी बढ़ा दी जाती है। इसके बावजूद डॉ. देव इंटरव्यू पास कर आधिकारिक तौर पर डॉक्टर के रूप में अस्पताल लौट आते हैं और एक बार फिर सफेद कोट पहनते हैं।

यह भी पढ़े - 'थोड़ी सी उम्मीद थोड़ा सा आसमान' में अनुप्रिया का किरदार निभाकर मिला नया आत्मविश्वास: अंकिता बहुगुणा

हालांकि, यह खुशी ज्यादा देर नहीं टिकती। डॉ. सृष्टि (गुलकी जोशी) उन्हें अपनी शादी का निमंत्रण देती हैं और साफ कर देती हैं कि वह अपनी जिंदगी में आगे बढ़ चुकी हैं। यह खबर डॉ. देव को भीतर तक झकझोर देती है। इसके बाद वह अपने जज़्बातों को पीछे छोड़कर खुद को और अधिक मजबूत व संयमित बनाने का फैसला करते हैं।

इस ट्रैक पर अभिनेता इक़बाल खान ने कहा कि यह कहानी दिखाती है कि जिंदगी एक ही समय में सबसे बड़ी खुशी और सबसे बड़ा दर्द दोनों दे सकती है। उनके अनुसार, डॉक्टर के रूप में वापसी सिर्फ नौकरी हासिल करना नहीं, बल्कि अपनी पहचान वापस पाना है। लेकिन सृष्टि की शादी का निमंत्रण मिलने के बाद देव भावनात्मक रूप से टूट जाते हैं। उन्होंने कहा कि इस मोड़ के बाद दर्शकों को देव का पहले से अधिक परिपक्व, मजबूत और केंद्रित रूप देखने को मिलेगा।

'यादें' का प्रसारण सोमवार से शनिवार रात 8 बजे सिर्फ सोनी सब पर किया जाता है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.