- Hindi News
- मनोरंजन
- एक दुल्हन, कई दूल्हे और ढेर सारी मस्ती; 'दुल्हनिया ले आएगी' का ट्रेलर रिलीज
एक दुल्हन, कई दूल्हे और ढेर सारी मस्ती; 'दुल्हनिया ले आएगी' का ट्रेलर रिलीज
मुंबई: रंग-बिरंगे गानों और आकर्षक पोस्टर्स के बाद अब निर्देशक आकाशादित्य लामा की आगामी फिल्म 'दुल्हनिया ले आएगी' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। कॉमेडी, रोमांस, पारिवारिक रिश्तों और शादी की अफरा-तफरी से भरपूर ट्रेलर दर्शकों को हंसी और भावनाओं से भरी फैमिली एंटरटेनर की झलक देता है।
फिल्म में खुशाली कुमार, महेश मांजरेकर और पियूष मिश्रा मुख्य भूमिकाओं में हैं। ट्रेलर में सभी कलाकारों की दमदार परफॉर्मेंस, शानदार कॉमिक टाइमिंग और शादी के रंग-बिरंगे माहौल की झलक देखने को मिलती है।
निर्देशक आकाशादित्य लामा ने कहा कि हर शादी में ड्रामा होता है, लेकिन इस फिल्म में यह फेरों से पहले ही शुरू हो जाता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शक ट्रेलर की तरह पूरी फिल्म का भी भरपूर आनंद लेंगे।
खुशाली कुमार ने इसे अपने करियर के सबसे मनोरंजक किरदारों में से एक बताते हुए कहा कि उनका किरदार आत्मविश्वासी, अप्रत्याशित और सरप्राइज से भरपूर है।
वहीं महेश मांजरेकर ने कहा, "दुल्हनिया ले आएगी मनोरंजन करने की कोशिश नहीं करती, बल्कि यह आपको खुद-ब-खुद मुस्कुराने पर मजबूर कर देती है।" उनके अनुसार फिल्म की सादगी और पारिवारिक भावनाएं इसकी सबसे बड़ी ताकत हैं।
फिल्म में ओंकार कपूर के साथ लोकप्रिय कंटेंट क्रिएटर्स अगू स्टेनली चिएदोजी और बी.सी. आंटी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
सिद्धार्थ बनर्जी, आकाशादित्य लामा और विकास अग्रवाल द्वारा निर्मित 'दुल्हनिया ले आएगी' 24 जुलाई, 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ट्रेलर के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों में उत्सुकता और बढ़ गई है।
