ऑपरेशन कायाकल्प के कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध पूरे करें : सीडीओ

बलिया। मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मिड डे मील एवं ऑपरेशन कायाकल्प के प्रभावी अनुश्रवण को लेकर जनपद स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालयों में संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

सीडीओ ने ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत चल रहे सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में निर्मित शौचालयों से संबंधित प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विद्यालयों में छात्रों के लिए फर्नीचर की व्यवस्था शीघ्र पूर्ण कराई जाए।

यह भी पढ़े - Ballia News : शिक्षामित्र और अनुदेशकों को बड़ी राहत, जून माह का मिलेगा पूरा मानदेय

उन्होंने विद्यालयों में पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा शौचालयों में नियमित जलापूर्ति बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। सीडीओ ने जर्जर विद्यालय भवनों को लेकर गंभीरता दिखाते हुए अधिकारियों को दो दिन के भीतर ऐसे भवनों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी परिस्थिति में जर्जर भवनों में विद्यालयों का संचालन नहीं किया जाएगा।

बैठक में ‘स्कूल चलो अभियान’ की भी समीक्षा की गई। सीडीओ ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में अभिभावकों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाने पर बल दिया, ताकि अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित किया जा सके।

मिड डे मील योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि भोजन निर्धारित मानकों और तय मेन्यू के अनुसार ही तैयार किया जाए। बच्चों को पौष्टिक, संतुलित एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके अलावा विद्यालय परिसरों में साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं जनपद स्तरीय टास्क फोर्स के सदस्य उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.