- Hindi News
- मनोरंजन
- ‘दुल्हनिया ले आएगी’ का फर्स्ट लुक जारी, अनोखे ब्राइडल अवतार में नजर आईं खुशाली कुमार
‘दुल्हनिया ले आएगी’ का फर्स्ट लुक जारी, अनोखे ब्राइडल अवतार में नजर आईं खुशाली कुमार
मुंबई। आगामी फैमिली एंटरटेनर फिल्म ‘दुल्हनिया ले आएगी’ का फर्स्ट लुक पोस्टर रिलीज कर दिया गया है। पोस्टर में अभिनेत्री खुशाली कुमार पारंपरिक दुल्हन के परिधान में दिखाई दे रही हैं, लेकिन उनका अंदाज पूरी तरह अलग और आधुनिक नजर आ रहा है। ब्राइडल आउटफिट के साथ स्टाइलिश सनग्लासेस और आत्मविश्वास से भरपूर एक्सप्रेशन दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा रहे हैं।
फिल्म को लेकर निर्देशक आकाशादित्य लामा ने कहा कि ‘दुल्हनिया ले आएगी’ परिवार, रिश्तों और उनसे जुड़ी जटिलताओं को मनोरंजक अंदाज में प्रस्तुत करने वाली कहानी है। उन्होंने बताया कि फिल्म की केंद्रीय किरदार एक ऐसी दुल्हन है, जिसका व्यक्तित्व आत्मविश्वास, स्वतंत्र सोच और अप्रत्याशित फैसलों से भरपूर है। फर्स्ट लुक पोस्टर इसी विशेषता को दर्शाने का प्रयास करता है।
वहीं, खुशाली कुमार ने अपने किरदार को लेकर उत्साह व्यक्त करते हुए कहा कि कहानी सुनते ही उन्हें यह किरदार बेहद खास लगा। उनके अनुसार, फिल्म की नायिका साहसी, भावुक और आत्मनिर्भर है, जो अपनी शर्तों पर जीवन जीने में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि पोस्टर केवल उनके किरदार की एक झलक है, जबकि फिल्म में दर्शकों को कई दिलचस्प सरप्राइज देखने को मिलेंगे।
निर्माताओं का दावा है कि फिल्म पारिवारिक मनोरंजन, कॉमेडी, इमोशन और ड्रामा का बेहतरीन संगम होगी। रंग-बिरंगे किरदारों और रोचक कहानी के साथ यह फिल्म पारंपरिक फैमिली एंटरटेनमेंट को आधुनिक अंदाज में प्रस्तुत करेगी।
फिल्म ‘दुल्हनिया ले आएगी’ 24 जुलाई को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
