- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- वाराणसी
- वाराणसी में नर्सिंग छात्रा की मौत का खुलासा: बॉयफ्रेंड ने जबरन खिलाई गर्भपात की दवा, गिरफ्तारी के बा...
वाराणसी में नर्सिंग छात्रा की मौत का खुलासा: बॉयफ्रेंड ने जबरन खिलाई गर्भपात की दवा, गिरफ्तारी के बाद कबूला जुर्म
वाराणसी। सारनाथ क्षेत्र स्थित एक बॉयज हॉस्टल में 19 वर्षीय नर्सिंग छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार छात्रा तीन महीने की गर्भवती थी और उसके बॉयफ्रेंड ने दबाव बनाकर उसे गर्भपात की दवा खिलाई थी। दवा के सेवन के बाद अत्यधिक रक्तस्राव होने से उसकी हालत बिगड़ गई और उपचार से पहले ही उसकी मौत हो गई।
यूट्यूब देखकर खरीदी गर्भपात की दवा
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि छात्रा के गर्भवती होने की जानकारी मिलने के बाद दोनों ने कई डॉक्टरों से संपर्क किया, लेकिन परिजनों की सहमति के बिना कोई भी गर्भपात करने को तैयार नहीं हुआ। इसके बाद दोनों ने इंटरनेट और यूट्यूब के माध्यम से जानकारी जुटाई और स्वयं गर्भपात कराने की योजना बनाई।
आरोप है कि बुधवार सुबह आरोपी ने छात्रा पर दबाव बनाकर गर्भपात की दवा खिलाई। कुछ ही समय बाद छात्रा को तेज पेट दर्द, उल्टी और अत्यधिक रक्तस्राव शुरू हो गया। उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई।
अस्पताल ले जाने की बजाय भाग गया आरोपी
आरोपी ने पुलिस को बताया कि छात्रा ने उसे अस्पताल ले जाने की गुहार लगाई थी, लेकिन खून देखकर वह घबरा गया। इसी दौरान छात्रा कमरे से बाहर निकलकर सीढ़ियों की ओर गई, जहां अधिक रक्तस्राव और चक्कर आने के कारण वह गिर पड़ी। आरोपी उसे उसी हालत में छोड़कर हॉस्टल से फरार हो गया और अपने घर जौनपुर पहुंच गया।
बुधवार सुबह हॉस्टल में काम करने पहुंचे एक इलेक्ट्रीशियन ने छात्रा को खून से लथपथ हालत में देखा और शोर मचाया। इसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में मिले अहम साक्ष्य
जांच के दौरान पुलिस को छात्रा के बैग से दवाएं और अन्य सामग्री बरामद हुई है। आरोपी के मोबाइल फोन से दोनों की चैटिंग, फोटो और वीडियो भी मिले हैं। पूछताछ में आरोपी ने यह भी दावा किया कि करीब सात महीने पहले भी छात्रा का गर्भपात कराया गया था।
दो डॉक्टरों के पैनल ने किया पोस्टमार्टम
एसीपी सारनाथ विद्युत सक्सेना ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए छात्रा के शव का दो डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया है और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
