- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- Ballia News: संपर्क मार्ग बहाली को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन, एनएच-31 से जोड़ने की उठाई मांग
Ballia News: संपर्क मार्ग बहाली को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन, एनएच-31 से जोड़ने की उठाई मांग
बलिया। जिले के ओझा कछुआ क्षेत्र में बुधवार को ग्रामीणों ने संपर्क मार्ग बहाली की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-31 (एनएच-31) से जुड़े पुराने संपर्क मार्ग को पुनः चालू कराने की मांग करते हुए संबंधित एजेंसी के खिलाफ नारेबाजी की और प्रतीकात्मक पुतला दहन किया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि संपर्क मार्ग बंद होने से किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने में कठिनाई हो रही है। वहीं, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और आम नागरिकों के आवागमन पर भी प्रतिकूल असर पड़ा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि जनहित को देखते हुए मार्ग को जल्द से जल्द बहाल कराया जाए।
आंदोलन के दौरान वक्ताओं ने क्षेत्र के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व के स्थलों, विशेषकर छठ पूजा स्थल, की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की। उनका कहना था कि किसी भी विकास कार्य के दौरान धार्मिक आस्थाओं से जुड़े स्थलों को नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्रीय नागरिक शामिल हुए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
