- Hindi News
- स्वास्थ्य
- लगातार पीठ दर्द को न करें नजरअंदाज, समय पर जांच से टल सकती है बड़ी बीमारी
लगातार पीठ दर्द को न करें नजरअंदाज, समय पर जांच से टल सकती है बड़ी बीमारी
कोलकाता। पीठ दर्द महिलाओं में एक आम समस्या है और अधिकांश लोग इसे थकान, गलत मुद्रा में बैठने या मांसपेशियों के खिंचाव का परिणाम मानकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन यदि यह दर्द लंबे समय तक बना रहे और इसके साथ स्तन (ब्रेस्ट) में कोई असामान्य बदलाव भी दिखाई दे, तो इसे गंभीरता से लेते हुए तुरंत चिकित्सकीय जांच करानी चाहिए।
डॉ. सेन के अनुसार, सामान्य पीठ दर्द कुछ दिनों में ठीक हो जाता है, लेकिन दो से तीन सप्ताह से अधिक समय तक रहने वाला दर्द, रात में बढ़ने वाला दर्द, बिना वजह वजन घटना, अत्यधिक थकान, पैरों में कमजोरी या सुन्नपन जैसे संकेत गंभीर बीमारी की ओर इशारा कर सकते हैं।
उन्होंने कहा, "सबसे बड़ी गलती यही होती है कि महिलाएं ऐसे संकेतों को नजरअंदाज कर देती हैं। ब्रेस्ट कैंसर केवल बिना दर्द वाली गांठ के रूप में ही सामने नहीं आता। यदि शरीर में कोई भी असामान्य बदलाव लगातार बना रहे, तो तुरंत डॉक्टर से जांच करानी चाहिए।"
डॉ. सेन ने यह भी बताया कि ब्रेस्ट कैंसर अब केवल अधिक उम्र की महिलाओं तक सीमित नहीं है। कम उम्र की महिलाओं में भी इसके मामले बढ़ रहे हैं। ऐसे में नियमित स्क्रीनिंग, समय पर जांच और शरीर में होने वाले बदलावों पर सतर्क नजर रखना ही इस बीमारी की जल्द पहचान और प्रभावी उपचार का सबसे बेहतर तरीका है।
