कानपुर: गणेश विसर्जन यात्रा में बेकाबू लोडर ने मचाई तबाही, महिला की मौत, 10 घायल

कानपुर। गणेश विसर्जन यात्रा के दौरान मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। पनकी नहर पर श्रद्धालुओं के बीच अचानक एक लोडर अनियंत्रित हो गया और भीड़ को रौंदता चला गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई, जबकि करीब 10 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से चार की हालत नाजुक बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक कल्याणपुर के आवास विकास-3 स्थित नवाब होटल के पास मंगलामुखी मन्नत मां द्वारा गणेश प्रतिमा की स्थापना की गई थी। हवन-पूजन के बाद विसर्जन यात्रा निकाली गई। यात्रा में साउंड लोडर सबसे आगे और प्रतिमा वाला लोडर पीछे चल रहा था। बीच में श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए शामिल थे।

यह भी पढ़े - बलिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई : अवैध चाकू के साथ एक अभियुक्त गिरफ्तार

जब यात्रा पनकी नहर पर पहुंची तो प्रतिमा वाला लोडर अचानक ढलान पर अनियंत्रित हो गया और श्रद्धालुओं पर चढ़ गया। इससे अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को तुरंत बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।

हादसे में प्रियांशु, निखिल गुप्ता, सौम्या, साहिल, मुस्कान, रानी देवी समेत करीब 10 लोग घायल हुए। सभी को निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 40 वर्षीय रानी देवी की मौत हो गई। मृतका अंबेडकरपुर की रहने वाली थी। उनके पति डिप्टी लाल मजदूरी करते हैं और परिवार में पांच बच्चे—रेखा, राजकुमार, मोना, बबली और सोना—हैं।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.