- Hindi News
- मनोरंजन
- शाहरुख खान ने अनिल कपूर के सामने खरीदा था ‘मन्नत’, अभिनेता ने सुनाया बंगले से जुड़ा दिलचस्प किस्सा
शाहरुख खान ने अनिल कपूर के सामने खरीदा था ‘मन्नत’, अभिनेता ने सुनाया बंगले से जुड़ा दिलचस्प किस्सा
मुंबई, अक्टूबर 2026। बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर ने सुपरस्टार शाहरुख खान के बंगले ‘मन्नत’ से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया है। स्टार प्लस के शो ‘इंडिया के टॉप 1%’ के आगामी एपिसोड में उन्होंने बताया कि शाहरुख खान का सपना समुद्र के सामने एक शानदार बंगला खरीदने का था, जिसे उन्होंने आखिरकार पूरा किया। खास बात यह है कि शाहरुख के वहाँ रहने आने से पहले अनिल कपूर इसी बंगले में अपनी फिल्म ‘तेज़ाब’ की शूटिंग कर चुके थे।
शाहरुख की आंखों में दिखा था स्टार बनने का सपना
शाहरुख खान से अपनी पहली मुलाकात याद करते हुए अनिल कपूर ने बताया, “शाहरुख साहब और मैं कई सालों से बहुत अच्छे दोस्त हैं। मैं ‘बेनाम बादशाह’ की शूटिंग कर रहा था, तब वे मुझसे मिलने आए थे। जब मैंने उन्हें देखा और उनकी आंखों में देखा, तो मुझे लगा कि वे बहुत बड़े स्टार बनेंगे। वहीं से हमारी जान-पहचान हुई और वक्त के साथ हमारी दोस्ती गहरी होती गई।”
कार्टर रोड पर होती थी मुलाकात
अनिल कपूर ने शाहरुख खान के बंगले के सपने के बारे में बताते हुए कहा, “हम अक्सर कार्टर रोड पर मिलते थे, जहां उनका एक फ्लैट था। उनका भी सपना था कि समुद्र के सामने एक शानदार बंगला हो और उन्होंने वह सपना पूरा किया। मुझे याद है, उन्होंने मेरे सामने ही ‘मन्नत’ खरीदा था। उनके वहां रहने आने से पहले मैंने भी उसी बंगले में ‘तेज़ाब’ की शूटिंग की थी।”
इस दिन देख सकेंगे शो
‘इंडिया के टॉप 1%’ में प्रतियोगियों के सपनों और उनकी जिंदगी से जुड़े ऐसे ही दिलचस्प किस्से सुनने को मिलते हैं। शो हर शनिवार और रविवार रात 8 बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर प्रसारित होता है।
