- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- गोरखपुर
- गोरखपुर महिला जिला अस्पताल की बदहाल स्थिति: मरीजों के बेड पर टपक रहा छत का पानी, प्रसूताओं ने भोजन न...
गोरखपुर महिला जिला अस्पताल की बदहाल स्थिति: मरीजों के बेड पर टपक रहा छत का पानी, प्रसूताओं ने भोजन न मिलने की शिकायत उठाई
गोरखपुर। महिला जिला अस्पताल की हालात इन दिनों इतनी खराब है कि यहां भर्ती महिलाओं और नवजात शिशुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल के महिला वार्ड में छत से लगातार पानी टपक रहा है, जो सीधे मरीजों के बेड पर गिर रहा है। इससे न सिर्फ इलाज बाधित हो रहा है, बल्कि संक्रमण का खतरा भी बढ़ गया है। बारिश हो या सामान्य दिन, वार्ड की हालत हमेशा ही खराब रहती है। यह स्थिति सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के रखरखाव में गंभीर लापरवाही को उजागर करती है।
हालांकि मरीजों का कहना है कि ये व्यवस्थाएं उन्हें तत्काल राहत नहीं दे पा रही हैं। इसी बीच, अस्पताल में भर्ती प्रसूता महिलाओं ने एक और गंभीर समस्या बताई है—उन्हें अस्पताल की ओर से भोजन नहीं मिल रहा।
रुस्तमपुर निवासी रीना देवी, जिनकी बुधवार को डिलीवरी हुई, ने बताया कि उन्हें अस्पताल से खाना नहीं मिला और घर से खाना मंगाना पड़ा। दूसरी ओर, भिउरा निवासी पूनम ने भी यही शिकायत की कि एक दिन से अधिक समय बीतने के बाद भी अस्पताल से भोजन उपलब्ध नहीं कराया गया।
हालांकि कुछ मरीजों ने कहा कि उन्हें सुबह-शाम समय पर खाना और नाश्ता मिलता है, लेकिन अधिकांश का दावा है कि भोजन नहीं दिया जा रहा।
इस पर जवाब देते हुए एसआईसी डॉ. जय कुमार ने स्पष्ट किया कि प्रसूता महिलाओं को खाना रोज समय पर दिया जाता है, लेकिन जिनकी डिलीवरी हाल ही में हुई होती है, उन्हें लगभग 24 घंटे तक अनाज नहीं दिया जाता। इसी कारण कुछ मरीजों को खाना नहीं मिलता और वे शिकायत करते हैं। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, भोजन वितरण की नियमित मॉनिटरिंग भी की जाती है।
