- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- UPPSC PCS Prelims Exam 2024: बलिया में 7296 परीक्षार्थी देंगे प्रारंभिक परीक्षा, डीएम ने दिए जरूरी न...
UPPSC PCS Prelims Exam 2024: बलिया में 7296 परीक्षार्थी देंगे प्रारंभिक परीक्षा, डीएम ने दिए जरूरी निर्देश
बलिया। 22 दिसंबर को होने वाली यूपीपीसीएस पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा 2024 के सुचारू रूप से आयोजन के लिए जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में लोक सेवा आयोग से आए समन्वयी पर्यवेक्षक एसके मिश्रा ने परीक्षा के सफल आयोजन के लिए आयोग द्वारा जारी गाइडलाइनों और दिशा-निर्देशों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि जिले में कुल 16 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 7296 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। परीक्षा दो पालियों में होगी: पहली पाली का आयोजन प्रात: 9:30 बजे से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली का आयोजन अपराह्न 2:30 बजे से 4:30 बजे तक किया जाएगा। परीक्षार्थियों को प्रात: 8:00 बजे से 8:45 बजे तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा, इसके बाद किसी को भी प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आयोग की गाइडलाइनों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेट से कहा कि परीक्षा के एक दिन पहले परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं की पुष्टि कर लें। उन्होंने सीसीटीवी की सक्रियता सुनिश्चित करने, सीटिंग प्लान और परीक्षा केंद्रों पर पेयजल और प्रकाश जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं चाक-चौबंद करने के निर्देश भी दिए।
डीएम ने एआरएम रोडवेज से परीक्षार्थियों के लिए पर्याप्त बसों का संचालन सुनिश्चित करने को भी कहा। बैठक में पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर, अपर जिलाधिकारी डीपी सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक कृपा शंकर, डीआईओएस देवेंद्र गुप्ता समेत अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद थे।
