बलिया में पट्टीदारों के विवाद में चाकूबाजी, दो सगे भाई गंभीर घायल; एक की मौत

बलिया: उभांव थाना क्षेत्र के सोनाडीह (दोथ) गांव में गुरुवार रात पट्टीदारों के बीच हुए विवाद में दो सगे भाइयों पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान एक भाई की मौत हो गई, जबकि दूसरे को बेहतर उपचार के लिए बीएचयू वाराणसी रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले में नामजद पांच आरोपितों में से तीन को हिरासत में लिया है, जबकि दो की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई हैं।

विवाद के दौरान चाकू से हमला

अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला के अनुसार, 10 सितंबर की रात करीब 10 बजे सोनाडीह (दोथ) गांव में घटना की सूचना मिली। बताया गया कि अमरेश बहादुर सिंह पुत्र स्व. जितेंद्र सिंह और उनके भाई मंजेश सिंह पर उनके पट्टीदार रामकरण सिंह, गिरीश सिंह, सूरज सिंह, एक महिला और उनकी माता ने कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया।

यह भी पढ़े - बलिया: शॉर्ट सर्किट से टेंट हाउस के गोदाम में लगी आग, लाखों का सामान जलकर राख

घटना में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सीयर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए दोनों को मऊ रेफर कर दिया।

इलाज के दौरान अमरेश की मौत

एएसपी के मुताबिक, उपचार के दौरान अमरेश बहादुर सिंह की मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल मंजेश सिंह को बेहतर इलाज के लिए बीएचयू वाराणसी भेजा गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रामकरण सिंह किसी बात को लेकर गाली-गलौज कर रहे थे। मंजेश और अमरेश ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, जिसके बाद कथित तौर पर रामकरण सिंह और उसके परिवार के अन्य सदस्यों ने दोनों भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया।

तीन आरोपित हिरासत में, दो की तलाश जारी

मृतक अमरेश बहादुर सिंह की पुत्री की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पांच नामजद आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने इनमें से तीन आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

वहीं, फरार बताए जा रहे अन्य दो आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई हैं। एएसपी ने बताया कि दोनों की जल्द गिरफ्तारी कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार, फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था कायम है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.