“टाइगर का लुक, बोलचाल, रवैया और बॉडी लैंग्वेज सब मेरी सहजता से बिल्कुल अलग थे”: मुकुल हरीश

मुंबई, सितंबर 2026: सोनी सब का लोकप्रिय शो ‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ अपने बदलते रिश्तों और लगातार सामने आ रहे नए ट्विस्ट्स के जरिए दर्शकों का मनोरंजन कर रहा है। अब शो की कहानी में अभिनेता मुकुल हरीश की एंट्री हुई है, जो टाइगर का किरदार निभा रहे हैं।

टाइगर एक स्वतंत्र, सतर्क और अपने दम पर जिंदगी जीने वाला शख्स है। उसका अतीत काफी मुश्किलों से भरा रहा है, जिसने उसके व्यक्तित्व को सख्त बना दिया है। लोगों से दूरी बनाए रखना उसकी आदत है और वह अपनी स्ट्रीट-स्मार्ट समझ के सहारे परिस्थितियों का सामना करना जानता है।

यह भी पढ़े - शादी की सालगिरह पर राधा के भरोसे की होगी परीक्षा, ‘हमारी राधा’ में आएगा नया ट्विस्ट

टाइगर की जिंदगी उस समय बदलने लगती है, जब एक केस उसे पुष्पा (करुणा पांडे) और उसके परिवार के सामने ले आता है। इस केस के चलते टाइगर और पुष्पा की जिंदगी अप्रत्याशित रूप से एक-दूसरे से जुड़ जाती है।

टाइगर भले ही बाहर से गुस्सैल और सख्त नजर आता हो, लेकिन जिन कुछ लोगों को वह अपना मानता है, उनके लिए बेहद सुरक्षात्मक है। अपनी कमजोरियों को वह गुस्से और सख्त रवैये के पीछे छिपाकर रखता है। मुश्किल हालातों में पला-बढ़ा टाइगर न्याय का इंतजार करने के बजाय खुद ही फैसला लेने में विश्वास रखता है।

हालांकि, पुष्पा की जिंदगी में उसकी एंट्री के बाद उसकी बनाई हुई दुनिया में कई बदलाव आने लगते हैं। टाइगर का किरदार न केवल पुष्पा की कहानी में नया रंग जोड़ता है, बल्कि परिवार के सामने भी कई नए सवाल और परिस्थितियां लेकर आता है।

किरदार को निभाना रहा चुनौतीपूर्ण

टाइगर के किरदार को लेकर मुकुल हरीश ने कहा कि यह भूमिका उनके लिए काफी अलग और चुनौतीपूर्ण रही। उन्होंने बताया कि किरदार के लुक से लेकर उसकी बोलचाल, रवैये और बॉडी लैंग्वेज तक हर चीज उनकी सामान्य शैली से बिल्कुल अलग थी।

मुकुल हरीश ने कहा, “जैसे ही टाइगर मेरे सामने आया, मेरी पहली सोच यही थी कि यह किरदार कितना अलग है। ‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ जैसे चार साल पुराने शो का हिस्सा बनना, जिसका दर्शकों से पहले से ही गहरा जुड़ाव है, एक नए किरदार के रूप में शामिल होना मेरे लिए और भी रोमांचक था।”

उन्होंने बताया कि टाइगर की भाषा और स्लैंग को स्वाभाविक बनाने के लिए उन्होंने काफी मेहनत की। कैमरे के बाहर भी वह उसी अंदाज और बोली में बात करने की कोशिश करते थे, ताकि किरदार को पर्दे पर सहज तरीके से पेश किया जा सके।

मुकुल ने कहा, “टाइगर के लुक और बोलचाल से लेकर उसके रवैये और बॉडी लैंग्वेज तक, सब कुछ मेरी सहजता से बाहर था और यही बात मुझे इस रोल के लिए सबसे ज्यादा उत्साहित कर रही थी। मैंने उसके डायलॉग और स्लैंग को सही करने में काफी समय लगाया। यहां तक कि कैमरे के बाहर भी उसी बोली में बात करता था, ताकि यह मेरे लिए स्वाभाविक हो जाए।”

टाइगर की बैकस्टोरी को भी मुकुल ने दिलचस्प बताया। उनके मुताबिक, कठिन परिस्थितियों में बड़े होने के कारण टाइगर हमेशा सतर्क रहता है और किसी भी स्थिति में तुरंत प्रतिक्रिया देने के लिए तैयार रहता है। हालांकि, उसके सख्त व्यवहार के पीछे एक संवेदनशील पक्ष भी छिपा है।

मुकुल ने कहा कि टाइगर बुरा इंसान नहीं है, बल्कि उसके अनुभवों ने उसे ऐसा बनाया है। उनके लिए इस किरदार को पर्दे पर जीवंत करना एक बड़ी चुनौती रहा है। उनका मानना है कि टाइगर की एंट्री शो की कहानी को एक नया मोड़ देगी और आने वाले एपिसोड्स में दर्शकों को कई दिलचस्प घटनाक्रम देखने को मिलेंगे।

‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ सोमवार से शनिवार रात 9:30 बजे सोनी सब पर प्रसारित होता है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.