बलिया में गंगा-सरयू का बढ़ता जलस्तर, करीब 20 हजार आबादी बाढ़ से प्रभावित; 47 नावें राहत कार्य में लगीं

बलिया: गंगा नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि के चलते बलिया के कई तहसील क्षेत्रों में बाढ़ का पानी आबादी वाले इलाकों तक पहुंच गया है। जिला प्रशासन के अनुसार, जिले में करीब 20 हजार लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है और लोगों की आवाजाही तथा राहत सामग्री पहुंचाने के लिए 47 नावों का संचालन किया जा रहा है।

सदर तहसील के कई इलाकों में पहुंचा पानी

तहसील सदर बलिया के मुड़ाडीह, शिवपुर दियर नम्बरी के मजरा कृपा राय का डेरा, प्रानपुर, भरसौता के गिरी के टोला तथा नगर पालिका बलिया के वार्ड नंबर-11 में बाढ़ का पानी आबादी क्षेत्र तक पहुंच गया है।

यह भी पढ़े - बलिया : धारदार हथियार से हमला कर युवक को किया घायल, आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज

वहीं, तहसील बैरिया के गोपालनगर टाड़ी और चांददियर के आबादी वाले क्षेत्रों में सरयू नदी का पानी पहुंच गया है। गोपालपुर के मजरा उदयी छपरा में गंगा नदी का बाढ़ का पानी पहुंचने की जानकारी प्रशासन ने दी है।

बांसडीह तहसील क्षेत्र के भोजपुरवा, सुल्तानपुर, कमालपुर, चांदपुर, कोलकला, चितबिसांव कला, चितबिसांव खुर्द, रेगहां, कचनार, किर्तुपुर, पर्वतपुर, सारंगपुर, दियरा गंभीरार, दियरा भांगर, रामपुर नम्बरी और चकविलियम गांव भी सरयू नदी की बाढ़ से प्रभावित हैं।

6,110 राशन किट और 81,300 पैकेट भोजन वितरित

जिला प्रशासन के मुताबिक, अब तक बाढ़ प्रभावित लोगों को 6,110 राशन किट वितरित किए जा चुके हैं। इसके अलावा 33,411 दवा किट भी बांटे गए हैं। इन किट में दवाओं के नाम, संबंधित बीमारी में उनके उपयोग और दवा लेने की अवधि जैसी आवश्यक जानकारी दर्ज की गई है।

बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए गोपालनगर टाड़ी और भोजपुरवा में बाढ़ शरणालय एवं कम्युनिटी किचन स्थापित किए गए हैं। यहां प्रभावित लोगों को पका हुआ भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रशासन के अनुसार, अब तक 81,300 पैकेट भोजन वितरित किए जा चुके हैं और यह व्यवस्था लगातार जारी है।

16,299 पशुओं का टीकाकरण

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं को संक्रमण और बीमारियों से बचाने के लिए अब तक 16,299 पशुओं का टीकाकरण कराया गया है। इसके अलावा पशुओं के लिए 955 कुंतल भूसा वितरित किया जा चुका है।

प्रशासन ने जिले की सभी बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर दिया है और राहत शिविर भी संचालित किए जा रहे हैं। प्रभावित इलाकों में जरूरत के अनुसार जनरेटर के माध्यम से विद्युत आपूर्ति की जा रही है। एनडीआरएफ और पीएसी की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।

img-20260901-wa0085.jpg

अधिकारी लगातार प्रभावित लोगों से कर रहे संवाद

जिला प्रशासन के अनुसार, उपजिलाधिकारी, तहसीलदार और जिला स्तरीय अधिकारी प्रतिदिन बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर लोगों से संवाद कर रहे हैं और उनकी समस्याओं की जानकारी ले रहे हैं। चिकित्सकों की टीमें भी प्रभावित इलाकों में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रही हैं।

प्रशासन के कंट्रोल रूम के माध्यम से बाढ़ प्रभावित गांवों के लोगों से दिन में कम से कम दो बार संपर्क कर उनकी स्थिति की जानकारी ली जा रही है। साथ ही बाढ़ की स्थिति और स्थानीय जरूरतों का भी लगातार आकलन किया जा रहा है।

आपदा की स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क

जिला प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपदा, परेशानी या तत्काल सहायता की जरूरत होने पर नजदीकी तहसील स्तरीय कंट्रोल रूम अथवा जिला मुख्यालय स्थित कंट्रोल रूम से संपर्क करें।

जिला कंट्रोल रूम: 9454417979

लैंडलाइन: 05498-220832, 05498-220235

टोल फ्री: 1077

खबरें और भी हैं

Latest News

बलिया में गंगा-सरयू का बढ़ता जलस्तर, करीब 20 हजार आबादी बाढ़ से प्रभावित; 47 नावें राहत कार्य में लगीं बलिया में गंगा-सरयू का बढ़ता जलस्तर, करीब 20 हजार आबादी बाढ़ से प्रभावित; 47 नावें राहत कार्य में लगीं
बलिया: गंगा नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि के चलते बलिया के कई तहसील क्षेत्रों में बाढ़ का...
खिलौना हथियारों से प्रैंक्स तक, सोनी सब के ‘यादें’ के कलाकार सेट पर यूं करते हैं जमकर मस्ती
यूपी में बीमा और डिजिटल सेवाओं की बढ़ती पहुंच, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ के टर्म प्लान कारोबार में 72.6% वृद्धि
“मुश्किल परिस्थितियों में पता चलता है कि किसी की मौजूदगी कितनी मायने रखती है”: मुस्कान बामने
Jhansi News: Instagram पर हुई दोस्ती प्यार और शादी में बदली, दो साल में बिगड़े रिश्ते; बेडरूम में मिली 27 वर्षीय महिला की लाश
Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.