Lucknow News: किसान पथ पर दर्दनाक हादसा, सफाईकर्मी महिला की ट्रक से कुचलकर मौत, एक घायल, चालक केबिन में फंसा

लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के किसान पथ स्थित मोहिद्दीनपुर गांव के पास शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में सड़क की सफाई कर रही महिला कर्मचारी रजनी (45) की ट्रक से कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी सहकर्मी संगीता गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर पास में खड़े कूड़ा लादने वाले डंपर से टकरा गया, जिससे उसका चालक केबिन में फंस गया।

घटना के बाद मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण और मृतका के परिजन एकत्र हो गए और हाईवे पर जाम लगाकर प्रदर्शन करने लगे। उन्होंने ट्रक चालक पर नशे की हालत में वाहन चलाने का आरोप लगाया। घायल चालक को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जिसे बाद में ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। संगीता को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

यह भी पढ़े - हिंदी पत्रकारिता दिवस पर रक्तदान शिविर आयोजित, कई रक्तदाताओं ने किया महादान

हाईवे पर बिना सुरक्षा के चल रहा था सफाई कार्य

जानकारी के अनुसार, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की ओर से सफाई का काम टीएनसी इंफ्राटेक कंपनी को सौंपा गया था। मृतका रजनी, मोहनलालगंज क्षेत्र के ग्राम शिवधारा की निवासी थी और प्रतिदिन की तरह शनिवार को भी कंपनी की गाड़ी से ड्यूटी पर आई थी। मोहिद्दीनपुर गांव के पास वह सड़क किनारे खड़ी थी जबकि संगीता नीचे उतर ही रही थी, तभी कानपुर रोड से सुल्तानपुर रोड की ओर जा रहा तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर रजनी को कुचलता हुआ डंपर से जा भिड़ा।

मौके पर काम कर रहे अन्य कर्मियों का कहना है कि कंपनी की ओर से न तो हेलमेट, न सुरक्षा जैकेट और न ही जंपर मुहैया कराए गए थे। इसके अलावा सड़क पर बैरिकेडिंग या चेतावनी संकेत भी नहीं लगाए गए थे, जिससे खतरे का पहले से आभास नहीं हो सका। हादसे के वक्त कई अन्य कर्मी जैसे पुष्पा, राधा, कमला, मीना और रामकनी भी आसपास ही काम कर रहे थे।

परिवार की टूटी कमर, अनाथ हुए पांच बच्चे

रजनी के रिश्तेदार राजकमल के अनुसार, रजनी के पति कमलेश की छह साल पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। अब रजनी की मौत के बाद उसके पांच बच्चे — सपना, सलोनी, काजल, विनय और निहाल पूरी तरह बेसहारा हो गए हैं। वहीं, मौके पर मौजूद एक व्यक्ति बनवारी ने खुद को रजनी का पति बताया और कहा कि वह भी सफाई कर्मी है। पीजीआई पुलिस का दावा है कि रजनी बीते कुछ समय से बनवारी के साथ रह रही थी और उसके चार बच्चे भी हैं।

परिजनों की मांग — मुआवजा और नौकरी

हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए मांग की कि मृतका के परिवार को उचित मुआवजा और उसके किसी एक सदस्य को नौकरी दी जाए। उन्होंने सफाई कर्मियों के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम करने की भी मांग की। इंस्पेक्टर धीरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और आगे की जांच की जा रही है।

खबरें और भी हैं

Latest News

गाजीपुर एनकाउंटर पर मंत्री संजय निषाद के सवाल, बोले- मुख्य आरोपी नहीं था कमलेश बिंद गाजीपुर एनकाउंटर पर मंत्री संजय निषाद के सवाल, बोले- मुख्य आरोपी नहीं था कमलेश बिंद
गाजीपुर/लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार में मत्स्य मंत्री और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार निषाद ने गाजीपुर में...
Lucknow Crime News : प्रेमी ने की प्रेमिका की हत्या, 12 दिन बाद जंगल से मिले कंकालनुमा अवशेष
Ballia News : शादी से पहले युवती पर घर में घुसकर हमला, मां-बेटों पर मुकदमा दर्ज
नौरंगा में कटानरोधी कार्य की धीमी रफ्तार पर भड़के डीएम, युद्धस्तर पर काम पूरा करने के निर्देश
डीएम ने बदला सम्पूर्ण समाधान दिवस का कार्यक्रम, 6 जून को बेल्थरा रोड में होगी जनसुनवाई
Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.