Ballia News: खेलते समय ई-रिक्शा की चपेट में आई मासूम बच्ची, दर्दनाक मौत; गुस्साए ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

बलिया : जनपद के गड़वार थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। रतसर-पचखोरा मार्ग पर स्थित चकचमईनिया-कुकुरभुक्का गांव के पास एक ई-रिक्शा की चपेट में आने से चार वर्षीय बच्ची कृति गोंड की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

मृतका की पहचान मुन्ना गोंड की पुत्री कृति गोंड (उम्र 4 वर्ष) के रूप में हुई है, जो घर के पास ही सड़क किनारे खेल रही थी। उसी दौरान तेज रफ्तार से गुजर रहे एक ई-रिक्शा ने बच्ची को टक्कर मार दी, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

यह भी पढ़े - बलिया : सड़क हादसे में घायल शिक्षिका की इलाज के दौरान मौत, परिवार में मचा कोहराम

हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं गुस्साए ग्रामीणों ने शव के साथ सड़क पर जाम लगा दिया, जिससे मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। ग्रामीण ई-रिक्शा चालक की गिरफ्तारी और उचित मुआवजे की मांग को लेकर अड़े रहे।

सूचना मिलते ही स्थानीय चौकी इंचार्ज पवन कुमार मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। अधिकारियों ने परिजनों को न्याय का भरोसा दिलाया, जिसके बाद करीब एक घंटे बाद जाम समाप्त कराया गया।

पुलिस ने ई-रिक्शा चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। घटना के बाद से गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.