- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- Ballia News: पूर्व प्रधान व्यास वर्मा हत्याकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
Ballia News: पूर्व प्रधान व्यास वर्मा हत्याकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
बलिया। सहतवार थाना पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में उदहा गांव के पूर्व प्रधान व्यास वर्मा हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। ब्लाइंड मर्डर का शीघ्र अनावरण करने पर पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने संयुक्त टीम को 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया है।
पुरानी रंजिश और जमीन विवाद बना हत्या का कारण
एसपी के निर्देशन में सहतवार पुलिस और स्वाट टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच की। पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आया कि आरोपी शिवम वर्मा अपने पिता स्व. राम उदार वर्मा और नाना के साथ पूर्व में हुई मारपीट को लेकर व्यास वर्मा से रंजिश रखता था। वहीं, दूसरे आरोपी गोपाल वर्मा का मृतक के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।
पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपियों ने घटना की रात पहले साथ बैठकर शराब पी और फिर योजनाबद्ध तरीके से ईंट से हमला कर व्यास वर्मा की हत्या कर दी।
खून से सने कपड़े और ईंट बरामद
पुलिस ने आरोपी शिवम वर्मा पुत्र स्व. राम उदार वर्मा को त्रिकालपुर-अतरडरिया तिराहे से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर घटना के समय पहने गए खून से सने टी-शर्ट, हाफ पैंट, बनियान तथा हत्या में प्रयुक्त खून लगी ईंट बरामद की गई।
दूसरे आरोपी गोपाल वर्मा पुत्र हृदयानंद वर्मा को उदहा-त्रिकालपुर मार्ग से गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है।
इन पुलिसकर्मियों को मिली सफलता
इस कार्रवाई में स्वाट प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ यादव, सहतवार थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार चौधरी, उपनिरीक्षक अजय साहनी, दिनेश कुमार विश्वकर्मा सहित स्वाट और सहतवार थाना पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही।
