- Hindi News
- झारखंड
- Jharkhand News: रांची में ईद-उल-जुहा का पर्व शांति और सौहार्द के साथ संपन्न, प्रशासन ने कहा- सभी का
Jharkhand News: रांची में ईद-उल-जुहा का पर्व शांति और सौहार्द के साथ संपन्न, प्रशासन ने कहा- सभी का सहयोग सराहनीय

रांची। राजधानी रांची में ईद-उल-जुहा (बकरीद) का पर्व शनिवार को आपसी प्रेम, भाईचारे और शांति के माहौल में उल्लासपूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए थे, जिससे त्योहार शांतिपूर्वक संपन्न हो सका।
प्रमुख चौराहों पर तैनात रहा अतिरिक्त बल
शहर के एलबर्ट एक्का चौक, डेली मार्केट, उर्दू लाइब्रेरी, अंजुमन प्लाजा, एकरा मस्जिद, कर्बला चौक, चर्च रोड और काली मंदिर रोड सहित अन्य स्थानों पर यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। नमाज के समय यातायात सुगम बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था भी की गई।
फ्लैग मार्च से मिला विश्वास
शुक्रवार शाम को सिटी एसपी, एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर), कोतवाली डीएसपी, सिटी डीएसपी और सभी थाना प्रभारियों के नेतृत्व में फ्लैग मार्च किया गया। इसका उद्देश्य शांति बनाए रखना और किसी भी संभावित गड़बड़ी को रोकना था।
स्वच्छता अभियान भी चला
नगर निगम की ओर से मस्जिदों और ईदगाहों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया गया। सभी महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों की सफाई, जलापूर्ति और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।
सभी समुदायों का मिला सहयोग
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि ईद-उल-जुहा के सफल आयोजन में सभी वर्गों और संगठनों का सहयोग प्रशंसनीय रहा। उन्होंने महावीर मंडल, सेंट्रल मोहर्रम कमेटी, झारखंड सिख फेडरेशन, मस्जिद कमेटियों, समाजसेवियों और शांति समिति के सभी सदस्यों का आभार जताया।
प्रशासन ने एक बार फिर सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे भविष्य में भी इस प्रकार की सौहार्दपूर्ण भावना से त्योहारों को मनाएं और शहर की गंगा-जमुनी तहजीब को बनाए रखें।