- Hindi News
- झारखंड
- झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन का निधन, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत कई नेताओं ने जताया शोक
झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन का निधन, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत कई नेताओं ने जताया शोक

नई दिल्ली। झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा, साक्षरता और निबंधन मंत्री रामदास सोरेन का शुक्रवार रात दिल्ली के अपोलो अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। वे 2 अगस्त को अपने पैतृक घर घोड़ाबांधा में बाथरूम में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जांच में ब्रेन हेमरेज की पुष्टि हुई थी, जिसके बाद उन्हें एयर एंबुलेंस से दिल्ली लाया गया था। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद वे जीवन की जंग हार गए।
उनके निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा— “ऐसे छोड़कर नहीं जाना था रामदास दा... अंतिम जोहार दादा।” वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता अर्जुन मुंडा ने भी श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिवार को यह दुख सहने की शक्ति दें।
झामुमो के वरिष्ठ नेता और घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के विधायक रहे रामदास सोरेन अपनी सादगी और जनसेवा के लिए जनता के बीच लोकप्रिय थे। उनके निधन से न केवल पार्टी को गहरा आघात पहुंचा है, बल्कि पूरे झारखंड में शोक की लहर दौड़ गई है।
कई राजनीतिक दलों के नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी सेवाओं को याद किया।