- Hindi News
- भारत
- यूपी में एजुकेट गर्ल्स के स्वतंत्रता दिवस वृक्षारोपण अभियान से जुड़े 18 हजार से ज्यादा लोग
यूपी में एजुकेट गर्ल्स के स्वतंत्रता दिवस वृक्षारोपण अभियान से जुड़े 18 हजार से ज्यादा लोग
स्कूलों और गांवों में लगाए गए 10 हजार से अधिक पौधे, विद्यार्थियों से लेकर ग्राम प्रधान और सरकारी प्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा
लखनऊ, अगस्त 2026: भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एजुकेट गर्ल्स की ओर से आयोजित मेगा प्लांटेशन ड्राइव 2026 के तहत उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में 18 हजार से अधिक लोगों ने मिलकर 10 हजार से ज्यादा पौधे लगाए।
अभियान में स्कूली बच्चों, शिक्षकों, विद्यालय स्टाफ, ग्राम प्रधानों, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, अभिभावकों, सरकारी अधिकारियों, वन विभाग के कर्मचारियों, टीम बालिका स्वयंसेवकों और एजुकेट गर्ल्स की टीम ने हिस्सा लिया।
पौधारोपण के साथ प्रतिभागियों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प भी लिया। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ बच्चों और ग्रामीण समुदायों को स्वच्छ, हरा-भरा और सुरक्षित वातावरण बनाने में सक्रिय रूप से जोड़ना रहा।
सरकारी प्रतिनिधियों ने भी लिया हिस्सा
सीतापुर के महोली रेंज में फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर कल्पेश्वर नाथ ने वन विभाग के अन्य अधिकारियों के साथ गुलरिहा के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय में पौधारोपण किया।
उन्होंने कहा, “पौधारोपण पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। बच्चों और समुदाय की भागीदारी ऐसी पहलों को और प्रभावी बनाती है। अभियान की असली सफलता तभी होगी, जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित की जाए।”
एजुकेट गर्ल्स के स्टेट ऑपरेशंस हेड नितिन कुमार झा ने कहा कि जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए पौधारोपण के साथ जागरूकता और शिक्षा भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि अभियान के जरिए बच्चों और समुदायों को पर्यावरण संरक्षण में सीधे भाग लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है और साथ ही बालिका शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास भी किया जा रहा है।
टीम बालिका स्वयंसेवक भारती सोनकर ने कहा, “पौधा लगाना सिर्फ अपने आसपास के वातावरण को हरा-भरा बनाने तक सीमित नहीं है। यह भविष्य के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है।”
स्कूल बने सामुदायिक भागीदारी के केंद्र
कई जिलों में विद्यालय पौधारोपण गतिविधियों के प्रमुख केंद्र बने। यहां विद्यार्थियों, शिक्षकों, टीम बालिका स्वयंसेवकों और स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर पौधे लगाए।
शाहजहांपुर के एक प्राथमिक विद्यालय में ग्राम प्रधान ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ पौधारोपण किया। इस दौरान शिक्षक वीरेश कुमार ने बालिका शिक्षा और सामुदायिक सहभागिता में टीम बालिका स्वयंसेवकों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया।
ग्राम प्रधान ने बालिका शिक्षा और समान अवसरों पर जोर देते हुए कहा, “हम अपनी आधी आबादी को पीछे छोड़कर आगे नहीं बढ़ सकते। अभी हमने केवल कुछ कदम आगे बढ़ाए हैं, अभी बहुत लंबा सफर तय करना बाकी है।”
बांदा के बाबेरू ब्लॉक की छात्रा आंचल ने कहा कि स्कूल में पौधे लगाने के बाद अब वे नियमित रूप से उन्हें पानी देने और बड़ा करने की कोशिश करेंगी।
अभियान के समापन पर विद्यार्थियों, शिक्षकों और समुदाय के सदस्यों ने लगाए गए पौधों की देखभाल करने तथा अपने गांवों में अन्य लोगों को भी पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
