महाराष्ट्र में भारी बारिश का कहर: 12 की मौत, लाखों प्रभावित

मुंबई। महाराष्ट्र में पिछले तीन दिनों से जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मुंबई समेत कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। विभिन्न घटनाओं में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है, सैकड़ों मकान ढह गए हैं और करीब 5 लाख एकड़ फसल नष्ट हो गई है।

मुंबई में मीठी नदी उफान पर है, जिससे कुर्ला, पवई और बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स जैसे इलाकों में घरों की पहली मंजिल तक पानी भर गया। अंधेरी, मिलन और मालाड सबवे जलमग्न होकर बंद कर दिए गए हैं। रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से लोकल ट्रेन सेवा ठप है, वहीं सड़कों पर बसें फंस गईं। बारिश और कम विजिबिलिटी के चलते हवाई सेवाओं पर भी असर पड़ा है।

यह भी पढ़े - अपना दल (एस) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल के जन्मदिन पर प्रदेशभर में आयोजित हुए विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम

आपातकालीन प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन ने बताया कि नांदेड़, कोल्हापुर, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, नासिक, सातारा और रायगढ़ जिलों में नदियों का जलस्तर खतरनाक स्तर पर है। एनडीआरएफ और जिला प्रशासन की टीमें लगातार राहत-बचाव में जुटी हैं। मुंबई में अब तक 225 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है।

पालघर के वसई, नालासोपारा और विरार में सैकड़ों परिवार पानी में घिर गए हैं। ठाणे जिले के मीरा-भाईंदर, भिवंडी और मुंब्रा में भी जलभराव से हालात गंभीर बने हुए हैं।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.