क्या रेहान वाड्रा की राजनीति में एंट्री का संकेत है राहुल गांधी का दिवाली वीडियो?

  • राहुल गांधी के साथ वीडियो में नजर आए भांजे रेहान, लगने लगे कयास
  • कांग्रेस और आलोचकों के बीच चर्चा- राजनीति में प्रवेश की सॉफ्ट लॉन्चिंग तो नहीं

नई दिल्ली । कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हाल ही में एक्स पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह दीपावली के मौके पर अपने आवास में काम करने वाले मजदूरों के साथ चर्चा करते नजर आए। इस वीडियो में उनके साथ प्रियंका गांधी के बेटे और उनके भांजे रेहान वाड्रा भी नजर आ रहे हैं। वीडियो में राहुल गांधी और रेहान दोनों मजदूरों के साथ संवाद कर रहे हैं और खुद भी ब्रश पर हाथ आजमाते नजर आए। इसे लेकर कयास लगाए जा रहे हैं कि यह वीडियो रेहान के राजनीति में प्रवेश की सॉफ्ट लॉन्चिंग का हिस्सा हो सकता है।
रेहान की मां प्रियंका गांधी वाड्रा ने हाल ही में चुनावी राजनीति में कदम रखा है और लोकसभा उपचुनाव के लिए वायनाड से नामांकन दाखिल किया है। राहुल गांधी द्वारा सीट खाली करने के बाद प्रियंका का मैदान में उतरना और रेहान का राहुल के साथ दीपावली पर इस तरह नजर आना अटकलों के बाजार को गरम कर रहा है कि शायद कांग्रेस की अगली पीढ़ी में रेहान भी राजनीति में सक्रिय हो सकते हैं। वीडियो के कैप्शन, एक दिवाली उनके साथ, जिनकी मेहनत से रौशन है भारत! ने भी सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचा और कई लोग इसे वाड्रा परिवार के राजनीतिक प्रक्षेपण के रूप में देख रहे हैं।


वर्तमान में 24 वर्षीय रेहान वाड्रा एक विज़ुअल आर्टिस्ट और क्यूरेटर के रूप में जाने जाते हैं। उनकी वेबसाइट के मुताबिक उनके कार्यों में वन्यजीव, सड़क और व्यावसायिक फोटोग्राफी शामिल हैं। उनके कार्यों की प्रदर्शनी नई दिल्ली और मुंबई जैसे शहरों में भी आयोजित हो चुकी है। राजनीतिक क्षेत्र से अलग रहकर कला के क्षेत्र में काम कर रहे रेहान का राहुल के साथ वीडियो में आना सवाल खड़ा करता है कि क्या भविष्य में वह अपने परिवार की परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए राजनीति में उतरेंगे।

यह भी पढ़े - जयपुर: खंडहर में युवक-युवती के शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी


वीडियो में राहुल गांधी मजदूरों से उनकी समस्याओं और उनके जीवन से जुड़े सवाल-जवाब करते हुए नजर आए। उन्होंने रेहान को अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि 10 जनपथ बंगला, जहां उनकी मां सोनिया गांधी रहती हैं, उनकी निजी भावनाओं से भी जुड़ा है, क्योंकि उनके पिता राजीव गांधी की मृत्यु इसी घर में रहने के दौरान हुई थी। वीडियो में मजदूरों के प्रति सहानुभूति और उनके जीवन की कठिनाइयों को समझने का प्रयास एक भावनात्मक अपील करता है, जो गांधी परिवार के जमीनी दृष्टिकोण को दिखाता है।
भले ही रेहान वाड्रा ने राजनीति में औपचारिक रूप से कदम नहीं रखा है, लेकिन राहुल गांधी के साथ उनका इस वीडियो में शामिल होना कांग्रेस समर्थकों और आलोचकों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। क्या यह वास्तव में रेहान का सॉफ्ट लॉन्च है, या यह केवल परिवार के सदस्यों के साथ एक भावनात्मक दीपावली समारोह था, इसका जवाब तो आने वाला समय ही देगा।

Edited By: Parakh Khabar

खबरें और भी हैं

स्पेशल स्टोरी

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.