- Hindi News
- भारत
- उदयपुर–पिंडवाड़ा नेशनल हाईवे पर भीषण हादसा, 6 वाहनों की टक्कर में 4 की मौत
उदयपुर–पिंडवाड़ा नेशनल हाईवे पर भीषण हादसा, 6 वाहनों की टक्कर में 4 की मौत
उदयपुर। उदयपुर–पिंडवाड़ा नेशनल हाईवे पर गोगुंदा थाना क्षेत्र के पीर बावजी के पास रविवार शाम करीब 5:30 बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। पत्थरों से लदा एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर टैंकर से टकरा गया, जिसके बाद फॉर्च्यूनर कार सहित तीन अन्य वाहन भी आपस में भिड़ गए। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और करीब पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया। यातायात लगभग दो घंटे तक बाधित रहा। फॉर्च्यूनर में फंसे घायलों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर राहत-बचाव कार्य में सहयोग किया।
गिर्वा सर्किल के डीएसपी गोपाल चंदेल ने बताया कि हादसे में चार लोगों की मौत हुई है, जिनकी पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है। सभी शव गोगुंदा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। घायलों में प्रताप सिंह (65), गगांधर (40) और बंशीलाल (50) को गंभीर हालत में उदयपुर के एमबी अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं गुजरात के साबरकांठा निवासी विक्रम हीराजी ठाकुर (29) का गोगुंदा अस्पताल में इलाज जारी है। अन्य घायलों को भी प्राथमिक उपचार के बाद भर्ती कराया गया है।
भाजपा उदयपुर (देहात) जिलाध्यक्ष पुष्करलाल तेली सहित स्थानीय लोगों ने बताया कि ट्रेलर के अनियंत्रित होने से यह हादसा हुआ, जिसमें कई लोग अलग-अलग वाहनों में फंस गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा।
कड़ी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहनों और सड़क पर बिखरे पत्थरों को हटाकर शाम करीब 7:30 बजे यातायात बहाल किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और मृतकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
