सिकंदराबाद कैंटोनमेंट में बड़ी हथियार चोरी, AK-47 समेत 11 हथियार गायब

सिकंदराबाद: तेलंगाना के हाई सिक्योरिटी वाले सिकंदराबाद कैंटोनमेंट परिसर से चार AK-47, छह पिस्तौल और एक INSAS राइफल समेत कुल 11 हथियार चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना रविवार रात की बताई जा रही है। सेना के वरिष्ठ अधिकारियों की शिकायत के बाद पुलिस ने सोमवार को चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, आरोप है कि किसी व्यक्ति ने उच्च सुरक्षा वाले क्षेत्र में घुसकर मद्रास रेजिमेंट परिसर स्थित एक कमरे का ताला और दरवाजा तोड़कर हथियार चोरी किए। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घटना से पहले हथियार रखने वाले परिसर में कौन-कौन लोग आए-जाए थे।

यह भी पढ़े - पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश में 20 हजार स्कूली बच्चों की होगी आंखों की जांच, ‘विजन फॉर एवरी चाइल्ड’ पहल शुरू

अंदरूनी मिलीभगत की आशंका

मामले की गंभीरता को देखते हुए मलकाजगिरि पुलिस आयुक्त कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी भी जांच में शामिल हैं। सेना को मामले में अंदरूनी मिलीभगत की आशंका है। इसके चलते संबंधित इलाके को सील कर गार्ड और सुरक्षाकर्मियों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस और सेना की टीमें परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि सेना के रेजिमेंट की पूरी मदद के साथ जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

फिलहाल पुलिस ने चोरी हुए हथियारों की बरामदगी और आरोपियों की पहचान के लिए जांच तेज कर दी है। मामले में आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

खबरें और भी हैं

Latest News

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.