- Hindi News
- मनोरंजन
- सोशल मीडिया पर प्यार जताना आसान, असल जिंदगी में दिल की बात कहना मुश्किल: प्रणव कुमार
सोशल मीडिया पर प्यार जताना आसान, असल जिंदगी में दिल की बात कहना मुश्किल: प्रणव कुमार
मुंबई, नवंबर 2026। सोशल मीडिया के दौर में प्यार का इजहार करना भले ही आसान हो गया हो, लेकिन वास्तविक जिंदगी में अपनी भावनाओं को खुलकर व्यक्त करना आज भी चुनौती बना हुआ है। अभिनेता प्रणव कुमार ने शेमारूमी की सीरीज ‘दिल पड़ोसी’ में इन्फ्लुएंसर और शेफ रोनक का किरदार निभाते हुए आज की पीढ़ी के रिश्तों और उन पर सोशल मीडिया के प्रभाव को लेकर अपनी राय साझा की।
प्रणव कुमार के मुताबिक, सोशल मीडिया आज लोगों के जुड़ने, बातचीत करने और अपने रिश्तों को सार्वजनिक रूप से जाहिर करने का अहम माध्यम बन गया है। कपल्स तस्वीरें साझा करते हैं, प्यार भरी रील्स बनाते हैं और अपनी खुशियों को दुनिया के सामने रखते हैं। हालांकि, वास्तविक जीवन में अपनी भावनाओं को ईमानदारी से साझा करना कई बार उतना सहज नहीं होता।
आज के रिश्तों पर सोशल मीडिया के प्रभाव के बारे में प्रणव ने कहा, “आज हम सोशल मीडिया पर अपने प्यार और केमिस्ट्री को दिखाने में जितने सहज हैं, असल जिंदगी में उसके बारे में खुलकर बात करने में उतने सहज नहीं हैं। हम ऐसी पीढ़ी का हिस्सा हैं, जहां लोग प्यार भरी रील्स बना सकते हैं, साथ में तस्वीरें साझा कर सकते हैं और पूरी दुनिया को दिखा सकते हैं कि वे कितने खुश हैं। लेकिन, असल में वे क्या महसूस करते हैं, इस बारे में ईमानदारी से बात करना कई बार ज्यादा मुश्किल होता है। सोशल मीडिया ने अपनी भावनाएं दिखाना आसान बना दिया है, लेकिन इससे एक-दूसरे से खुलकर बात करना आसान नहीं हुआ है।”
अभिनेता का मानना है कि सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के कारण रिश्ते अब केवल दो लोगों तक सीमित नहीं रह गए हैं। कई बार लोगों की प्रतिक्रियाएं और राय भी संबंधों को प्रभावित करती हैं। इस बारे में उन्होंने कहा, “आज रिश्ते सिर्फ दो लोगों के बीच की बात नहीं रह गए हैं। कई बार उन्हें देखने वाले लोग भी होते हैं, जो उन पर अपनी राय देते हैं और प्रतिक्रिया व्यक्त करते हैं। इसका असर कभी-कभी इस बात पर भी पड़ता है कि दो लोग एक-दूसरे के साथ कैसा व्यवहार करते हैं। हो सकता है कि आपको सोशल मीडिया पर अपने रिश्ते की अच्छी तस्वीर दिखाना आता हो, लेकिन जिस इंसान के साथ आप अपनी जिंदगी बिता रहे हैं, उसे समझने के लिए एक अलग तरह की बातचीत की जरूरत होती है।”
रोनक के किरदार को अपने लिए खास बताते हुए प्रणव कुमार ने कहा कि उसकी पहचान सिर्फ एक इन्फ्लुएंसर या शेफ तक सीमित नहीं है। रिश्तों को समझने का उसका नजरिया और उसके व्यक्तित्व की सहजता उसे दिलचस्प बनाती है। प्रणव के अनुसार, “मुझे रोनक के किरदार की सबसे अच्छी बात यह लगी कि उसकी पहचान सिर्फ एक इन्फ्लुएंसर या शेफ तक सीमित नहीं है। दुनिया को देखने का उसका अपना तरीका है और रिश्तों को समझने की सोच भी अलग है। उसके अंदर एक खास तरह का आत्मविश्वास और सहजता है, लेकिन उसके इस बाहरी स्वभाव के पीछे भी बहुत कुछ है। एक अभिनेता के तौर पर इसी बात ने इस किरदार को मेरे लिए खास और दिलचस्प बना दिया।”
शेमारूमी की ‘दिल पड़ोसी’ प्यार, शादी और व्यक्तिगत पसंद को लेकर अलग-अलग नजरियों को सामने लाती है। सीरीज यह सवाल भी उठाती है कि क्या हर रिश्ते को निभाने का एक ही सही तरीका हो सकता है। रोनक के किरदार के जरिए कहानी आज की पीढ़ी के रिश्तों और उनसे जुड़ी भावनाओं को समझने का अवसर देती है।
सीरीज एक अहम सवाल भी छोड़ती है कि जब कैमरे बंद हो जाते हैं और देखने वाला कोई नहीं होता, तब क्या लोग अपने साथ रहने वाले व्यक्ति को उतना ही समझते हैं, जितना समझने का दावा करते हैं?
‘दिल पड़ोसी’ का विशेष प्रसारण शेमारू प्रीमियर के तहत सिर्फ शेमारूमी पर हो रहा है।
