रायबरेली: पति ने पत्नी की गला काटकर हत्या की, फिर खुद फंदे से लटककर दी जान — गांव में मातम

खीरों/रायबरेली। खीरों थाना क्षेत्र के सुरजीपुर निहस्था गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शुक्रवार रात एक युवक ने अपनी पत्नी की बांके से गला काटकर हत्या कर दी और फिर खुद कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। शनिवार सुबह जब परिजनों को घटना का पता चला तो पूरे गांव में हड़कंप मच गया।

सूचना पर खीरों पुलिस, फॉरेंसिक टीम, सीओ लालगंज और अपर पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। पुलिस ने दंपत्ति के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

यह भी पढ़े - Dr. Shaheen Shahid: लखनऊ की रहस्यमयी डॉक्टर, जो बनी जैश-ए-मोहम्मद की महिला कमांडर, पढ़िए पूरी कहानी

क्या हुआ था रात में?

सुरजीपुर निहस्था निवासी भीमराज उर्फ भीखू (32) मेहनत मजदूरी करके परिवार चलाता था। पत्नी सोनी देवी (28) और परिजनों के बीच अक्सर रोजमर्रा की बातों पर विवाद होते रहते थे। इसी कारण उसके माता-पिता खेतों में बने छप्पर के नीचे रहते थे।

शुक्रवार को भीमराज का पत्नी से किसी बात पर तीखा विवाद हुआ। वह उसी दिन अपने बच्चों — शिवम् (9), शुभी (7) और शिवांश (4) — को ससुराल सेमरपहा पहुंचाकर घर लौटा था।

शाम को रोज की तरह उसके माता-पिता खाना खाकर खेतों की ओर चले गए। रात में बरामदे में सो रही पत्नी सोनी देवी पर भीमराज ने अचानक हमला कर दिया और बांका से उसका गला रेत दिया। पत्नी की मौत होने के बाद वह बगल के कमरे में गया और छत के कुंडे से फंदा लगाकर जान दे दी।

सुबह खुला घटनाक्रम

सुबह माता-पिता दरवाजा खटखटाने घर पहुंचे, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। पहले तो उन्हें लगा कि बेटा-बहू सो रहे होंगे और वे लौट गए। कुछ देर बाद फिर आए, तब भी दरवाजा नहीं खुला। पड़ोसियों की मदद से छत पर चढ़कर देखने पर बरामदे में खून बिखरा दिखाई दिया।

इसके बाद पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर सोनी देवी का खून से लथपथ शव पड़ा था और पास के कमरे में भीमराज फंदे पर लटका मिला। यह दृश्य देखकर पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल फैल गया।

जांच में जुटी पुलिस

सीओ लालगंज अमित सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक संजीव सिन्हा ने परिजनों से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे के कारणों की गहन जांच की जाएगी और तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद मृतक की मां फूलमती, पिता रामनाथ, बहन श्रीकांती और तीनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.