- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखनऊ
- UP Weather: शीतलहर से बढ़ी गलन भरी ठंड, पारा 6 डिग्री पर, कई जिलों में अलर्ट जारी
UP Weather: शीतलहर से बढ़ी गलन भरी ठंड, पारा 6 डिग्री पर, कई जिलों में अलर्ट जारी
लखनऊ। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी, 15–20 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चल रही पछुआ हवाओं और घने कोहरे के चलते राजधानी लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में गलन भरी ठंड तेज हो गई है। रविवार को धूप निकलने के बावजूद ठंड का असर कम नहीं हुआ। न्यूनतम तापमान गिरकर 6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो शनिवार की तुलना में करीब 5 डिग्री कम और सामान्य से 1.8 डिग्री नीचे रहा। वहीं अधिकतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सोमवार के लिए मौसम विभाग ने कई जिलों में चेतावनी जारी की है। रविवार को कानपुर, इटावा, बाराबंकी, शाहजहांपुर, बरेली, हरदोई सहित कई जिलों में रात का तापमान 5 डिग्री सेल्सियस या उससे नीचे दर्ज किया गया। 3.2 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ कानपुर प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा। धूप वाले इलाकों में भी गलन बनी रही, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। मुख्यमंत्री के निर्देश पर 12वीं तक के स्कूल-कॉलेज सोमवार तक बंद रखने के आदेश पहले ही जारी किए जा चुके हैं।
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार, पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद चल रही पछुआ हवाओं के चलते सोमवार को कानपुर और इटावा में आंशिक शीतलहर जैसी स्थिति बन सकती है। कई जिलों में रात के तापमान में 3–4 डिग्री तक और गिरावट संभव है।
इन जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट
बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और आसपास के इलाके।
यहां शीत दिवस की संभावना
कौशांबी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर सहित आसपास के क्षेत्र।
